हाथरस में नायब तहसीलदार की गाड़ी ने मोपेड को मारी टक्कर, दादा-पोते की मौत
हाथरस में दर्दनाक सड़क हादसे में दादा और छह वर्षीय पोते की मोपेड को नायब तहसीलदार की सरकारी गाड़ी ने ...और पढ़ें
-1786734966979_m.webp)
नायब तहसीलदार की गाड़ी ने मोपेड को मारी टक्कर।
HighLights
हाथरस में दादा-पोते की सड़क हादसे में मौत।
नायब तहसीलदार की सरकारी गाड़ी ने मोपेड को टक्कर मारी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, गाड़ी जब्त।
संवाद सहयोगी, हाथरस। कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के सलेमपुर गांव के निकट शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दादा और छह वर्षीय पोते की मृत्यु हो गई। हादसे के समय दोनों मोपेड से घर लौट रहे थे।
ठूलई निवासी सुभाष चंद्र सिंह खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। शुक्रवार को वह अपने नाती दक्ष पुत्र संदीप को चाऊमीन खिलाने के लिए सलेमपुर गए थे।
शाम को दादा-पोता मोपेड से गांव वापस आ रहे थे। तभी सामने से आ रही सिकंदराराऊ के नायब तहसीलदार की सरकारी गाड़ी नंबर यूपी 86 एम 3288, जिस पर 'मजिस्ट्रेट' लिखा था, ने उनकी मोपेड में सीधी टक्कर मार दी।
बताया गया है कि हादसे के समय नायब तहसीलदार भी गाड़ी में मौजूद थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुभाष चंद्र और मासूम दक्ष की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया। घटना की सूचना स्वजन को दी गई। पुलिस अधिकारी का कहना है कि 'सड़क हादसे में दादा और पोते की मृत्यु हुई है। कार पुलिस के कब्जे में है। अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।' फिलहाल पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सभी अधिकारी कलेक्ट्रेट की मीटिंग से लौट रहे थे। इसी दौरान नायब तहसीलदार की सरकारी गाड़ी से गलत दिशा से आ रहे मोपेड सवार टकरा गए। हादसे में घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। उपचार के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। -धर्मेंद्र सिंह, एसडीएम सिकंदराराऊ।
