विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाथरस के सरकारी स्कूल में खेल, बिना आए वेतन पा रहे थे शिक्षामित्र; प्रिंसिपल हुए सस्पेंड

By Abhishek Tayal Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 21 Aug 2026 11:06 AM (IST)

हाथरस के गिरधरपुर स्थित संविलियन स्कूल में निरीक्षण के दौरान लापरवाही मिलने पर प्रभारी प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, हाथरस। हसायन क्षेत्र के गिरधरपुर स्थित संविलियन स्कूल में निरीक्षण के दौरान मिली लापरवाही के मामले में प्रभारी प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, अनुपस्थित मिले शिक्षामित्र के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उसे दूसरे विद्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच खंड शिक्षा अधिकारी सिकंदराराऊ विजय चौहान को सौंपी गई है।

खंड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र आलोक श्रीवास्तव ने 13 अगस्त को संविलियन स्कूल गिरधरपुर का गोपनीय तरीके से निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार सहित अन्य शिक्षक और शिक्षामित्र उपस्थित मिले।

विद्यालय में स्टाफ की जानकारी लेने पर बताया गया कि कुल पांच शिक्षक और तीन शिक्षामित्र हैं। निरीक्षण में शिक्षामित्र विनोद कुमार अनुपस्थित मिले, जबकि उनकी उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर अंकित थे।

शिक्षामित्र के नियमित रूप से समय पर विद्यालय नहीं पहुंचने और बैक डेट में उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करने की शिकायत भी अधिकारियों को मिली थी। जांच के दौरान शिकायत की पुष्टि होने पर शिक्षामित्र विनोद कुमार को प्राथमिक स्कूल महौ से संबद्ध कर दिया गया है।

अग्रिम आदेश तक वह इसी विद्यालय में संबद्ध रहेंगे। वहीं, अनुपस्थित शिक्षामित्र की उपस्थिति पंजिका पर हाजिरी दर्ज होने के संबंध में प्रभारी प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

इसे विद्यालयीय दायित्वों में लापरवाही मानते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में उन्हें संबंधित कार्यालय से संबद्ध किया गया है। मामले की जांच बीईओ सिकंदराराऊ विजय चौहान करेंगे।