विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाथरस डबल मर्डर: दूसरी पत्नी निकली हत्या की मास्टरमाइंड, 72 घंटे में सुलझी गुत्थी

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Wed, 30 Sep 2026 04:22 PM (GMT+05:30)

हाथरस के सादाबाद में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने 72 घंटे में खुलासा कर दिया है। मृतक की दूसरी ...और पढ़ें

डबल मर्डर मामले में गिरफ्तार दूसरी पत्नी सहित अन्य आरोपी।

डबल मर्डर मामले में गिरफ्तार दूसरी पत्नी सहित अन्य आरोपी।

HighLights

  1. मृतक की दूसरी पत्नी सीमा निकली हत्या की मुख्य साजिशकर्ता।

  2. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, दो अभी फरार।

जागरण संवाददाता, हाथरस। सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला इस्लामनगर में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने मात्र 72 घंटे में खुलासा कर दिया। एसओजी, एंटी थेफ्ट टीम और सादाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मृतक की दूसरी पत्नी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो फरार हैं।

पुलिस के अनुसार 27 सितंबर की रात शमसुद्दीन और उनकी पहली पत्नी समीना उर्फ सद्दो की उनके घर की पहली मंजिल पर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। अलमारी और बक्से खंगालकर आभूषण, नकदी और घड़ी लूट ली गई थी। मृतक के भाई शेर मोहम्मद की तहरीर पर थाना सादाबाद में मुकदमा दर्ज हुआ था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी हाथरस ने सात टीमें गठित कीं। टीमों ने घटनास्थल से फुट प्रिंट, डाग स्क्वाड, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और करीब 350 सीसीटीवी कैमरे खंगाले। सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध की फोटो को यक्ष ऐप पर चेक किया गया तो उसकी पहचान आगरा के थाना सिकंदरा के हिस्ट्रीशीटर के रूप में हुई।

मुखबिर की सूचना पर 30 सितंबर को पुलिस ने आगरा-हाथरस मार्ग पर बंद पड़े अर्चना ढाबे के पास से दो आरोपितों संजय और चीनी प्यारे उर्फ रामप्रकाश उर्फ भूरी सिंह को बाइक सहित पकड़ लिया। बाद में साजिश में शामिल मृतक की दूसरी पत्नी सीमा को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि सीमा के आगरा के गौरव से संबंध थे।

सीमा ने पति और पहली पत्नी की हत्या के बाद संपत्ति मिलने पर 20 लाख रुपये देने का लालच देकर गौरव को साजिश में शामिल किया। गौरव ने संजय, चीनी प्यारे और उदयवीर उर्फ नत्थो को साथ लिया। योजना के तहत सीमा ने रात में घर का जीने का दरवाजा खुलवाया और चारों आरोपी अंदर घुस गए। छुरा और नुकीले सुए से दोनों की हत्या कर लूटपाट की गई।

पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त छुरा, रक्तरंजित पैंट, गमछा, चुन्नी, नीले रंग की टीवीएस राइडर बाइक, दो गुलाबंद, चार बाली, 10 अंगूठियां, पायल, बिछुए, मंगल टीका, 4020 रुपये नकद, एचएमटी घड़ी और मोबाइल बरामद किया है। गिरफ्तार संजय पर एक दर्जन और चीनी प्यारे पर भी एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपितों गौरव और उदयवीर की तलाश जारी है।