दाऊजी मेले में दर्शकों की प्यास बुझाने को छह लाख लीटर पानी की व्यवस्था, 14 वाटर कूलर और टैंकरों की व्यवस्था
श्री दाऊजी महाराज मेले में दर्शकों को पेयजल की समस्या न हो, इसके लिए नगर पालिका ने प्रतिदिन छह लाख लीटर पानी की आपूर्ति की व्यवस्था की है।

HighLights
मेले में प्रतिदिन छह लाख लीटर पानी की आपूर्ति होगी।
14 वाटर पोस्ट, 14 वाटर कूलर और टैंकरों का इंतजाम।
आग से निपटने को पांच फायर हाइडेंट, तीन टीमें तैनात।
जागरण संवाददाता, हाथरस। श्री दाऊजी महाराज मेले में उमड़ने वाली भीड़ को पेयजल के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए नगर पालिका ने जलकल व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है।
मेला परिसर में बनी टंकी से प्रतिदिन करीब छह लाख लीटर पानी की आपूर्ति की जाएगी। इसके लिए पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा कर लिया गया है। प्रमुख स्थानों पर वाटर पोस्ट के साथ 14 वाटर कूलर लगाए जाएंगे। भीड़ बढ़ने पर मेला पंडाल, मंदिर परिसर और अन्य प्रमुख स्थलों पर पानी के टैंकर भी उपलब्ध रहेंगे।
जलकल विभाग की ओर से मेला परिसर में पेयजल आपूर्ति के लिए 14 वाटर पोस्ट तैयार की गई हैं। मंदिर परिसर के सामने, मेला पंडाल और अन्य प्रमुख स्थानों पर इनकी व्यवस्था की गई है। जरूरत के अनुसार टैंकरों के माध्यम से भी पानी पहुंचाया जाएगा। मेले में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचते हैं।
इसके अलावा खेल-तमाशे, खानपान, झूले और विभिन्न दुकानों के कारण मेला क्षेत्र में पूरे दिन भीड़ बनी रहती है। ऐसे में नगर पालिका का फोकस निर्बाध पेयजल आपूर्ति पर है। जलकल विभाग की तीन टीमें 24 घंटे मेला क्षेत्र में तैनात रहेंगी, ताकि कहीं पाइपलाइन, वाटर पोस्ट या अन्य व्यवस्था में दिक्कत आने पर तत्काल उसे दूर किया जा सके।
आपात स्थिति में पांच फायर हाइडेंट से मिलेगा पानी
मेले में बड़ी संख्या में अस्थायी दुकानें, खानपान की दुकानें और अन्य प्रतिष्ठान लगने के कारण आग लगने की आशंका को देखते हुए उससे निपटने का भी इंतजाम किया गया। मेला परिसर में प्रमुख पांच स्थानों पर फायर हाइडेंट लगाए गए हैं। आपात स्थिति में इनसे तत्काल पानी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि आग पर नियंत्रण पाया जा सके।
इसके अलावा मेला क्षेत्र में 13 मोबाइल शौचालय भी उपलब्ध रहेंगे। सफाई और पेयजल व्यवस्था की निगरानी के लिए तीन टीमें चौबीस घंटे सक्रिय रहेंगी। नगर पालिका का प्रयास है कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी न उठानी पड़े।
प्रांतीय मेला श्री दाऊजी महाराज को लेकर नगर पालिका ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सड़क, सफाई से लेकर पेयजल आपूर्ति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वाटर कूलर लगाने के साथ पानी के टैंकर भी खड़े किए जाएंगे।
-रोहित सिंह, ईओ नगर पालिका हाथरस।
