चंदपा में पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, हत्या का आरोप
पिता ने हत्या की आशंका जताई युवक की मौत से परिवार में कोहराम
जागरण संवाददाता, हाथरस: चंदपा के गांव महमूदपुर ब्राह्मणान में पेड़ पर युवक का शव लटका मिलने से सनसनी मच गई। पिता ने हत्या की आशंका जताई है। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
मुरसान के गांव छोटुआ नवीपुर निवासी बंटी(22) पुत्र सत्यप्रकाश कोसी(मथुरा) में ईंट भट्ठे पर काम करता था। चार भाइयों में वह सबसे बड़ा था। बंटी 11 जनवरी को अपनी बहन के ससुराल राया में संक्रात देने के लिए निकला था, जिसके बाद वापस नहीं आया। बुधवार की सुबह परिजनों को सूचना मिली कि महमूदपुर ब्राह्मणान में बंटी का शव मिला है। गांव के बाहर नीम के पेड़ पर शव लटका हुआ था। मफलर से फांसी लगाई थी। महमूदपुर में सत्यप्रकाश की ननसार है। सूचना मिलते ही रिश्तेदार मौके पर आ गए। इन्होंने बताया कि दोपहर को बंटी को गांव में देखा गया था। इसके बाद वह कहीं चला गया। परिजनों ने गांव में छानबीन की तो पता चला कि मंगलवार को कुछ लोगों ने बंटी से मारपीट की थी। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। इसलिए पिता सत्यप्रकाश ने हत्या कर शव पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया। परिजनों ने मौखिक रूप से पुलिस से शिकायत की तथा मारपीट करने वालों पर हत्या का आरोप लगाया। एसएचओ चंदपा वीपी गिरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की छानबीन की जा रही है।