हाथरस में एच1एन1 की पुष्टि, स्वास्थ्य विभाग ने सराय उम्दा में की गहन जांच
हाथरस के सिकंदराराऊ के सराय उम्दा में एक 50 वर्षीय व्यक्ति में एच1एन1 संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिसका इलाज अलीगढ़ में चल रहा है।

HighLights
सराय उम्दा में 50 वर्षीय व्यक्ति एच1एन1 संक्रमित मिला।
स्वास्थ्य विभाग ने 40 घरों के 224 लोगों की जांच की।
जांच में किसी में इन्फ्लूएंजा जैसे लक्षण नहीं पाए गए।
जागरण संवाददाता, हाथरस। सिकंदराराऊ क्षेत्र के सराय उम्दा में 50 वर्षीय व्यक्ति के एच1एन1 संक्रमित होने की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को की है। मरीज का अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉल्रेज में उपचार चल रहा है। उसकी तबीयत में सुधार बताया गया है।
संक्रमण की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ाते हुए रविवार को रैपिड रिस्पांस टीम को सराय उम्दा भेजा। बता दें कि पड़ोसी जिले अलीगढ़ में अब तक 9 केस मिल चुके हैं।
टीम ने संक्रमित मरीज के घर के साथ ही आसपास के 40 घरों में पहुंचकर 224 लोगों की जांच की। स्क्रीनिंग के दौरान किसी भी व्यक्ति में इन्फ्लूएंजा जैसे लक्षण नहीं मिले। किसी को बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस फूलने की शिकायत नहीं पाई गई।
टीम ने लोगों को सावधानी बरतने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की सलाह दी। सीएमओ डा. वेद प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि सिकंदराराऊ के सराय उम्दा निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति को 23 अगस्त से लक्षण दिखाई दिए थे। इसके बाद अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉल्रेज में जांच के दौरान एच1एन1 संक्रमण की पुष्टि हुई।
मरीज को वहीं भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र के लोगों से इन्फ्लूएंजा जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करने की अपील की है। बता दें कि पड़ोसी जिले अलीगढ़ में अब तक 9 केस मिल चुके हैं।
