19 लाख पौधे लाएंगे हरियाली सेटेलाइट से होगी निगरानी
वन विभाग को अकेले ही लगाने होंगे छह लाख पौधे पौधों में नीम, शीशम और बिलायती बबूल आदि शामिल
संवाद सहयोगी, हाथरस : पर्यावरण संकट से जूझ रहे जिले में हरियाली लाने को इस साल 19 लाख पौधे रोपे जाएंगे। पौधों की रखवाली के लिए हर विभाग की जवाबदेही तय की गई है। 15 फीसद से ज्यादा पौधे सूखने पर विभागीय अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। खास बात यह है नए पौधों की सेटेलाइट से ऑनलाइन निगरानी की जाएगी।
अकेले वन विभाग को ही छह लाख से ज्यादा पौधे लगाने होंगे। इन पौधों के लिए जिलेभर में 50 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की गई है। उप संभागीय वन अधिकारी वीके ¨सह के मुताबिक इस साल प्रदेशभर में 22.55 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। वर्षा काल में एक जुलाई से 30 सितंबर के बीच अभियान चलाकर पौधारोपण किया जाएगा। बीते साल से इस बार लक्ष्य ढाई गुना ज्यादा है। आधे पौधे 15 अगस्त को एक ही दिन लगाए जाएंगे। यानी स्वतंत्रता दिवस पर जिलेभर में 10 लाख के करीब पौधे रोपे जाएंगे। पौधों की रखवाली भी पूरी जिम्मेदारी से करनी होगी। जीपीएस के जरिए ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। गड्ढा खोदने का काम पूरा होते ही निगरानी शुरू हो जाएगी। इस निगरानी को पौधारोपण मॉनीट¨रग सिस्टम यानी पीएमएस कहा जाता है। इससे नए पौधों में पुराने पौधों को शामिल नहीं किया जा सकेगा। उनकी वृद्धि और सूखने की जानकारी सेटेलाइट से पता चल सकेगी। विभाग की कोशिश पौधारोपण से वन क्षेत्र में वृद्धि करने की है। अभियान को सफल बनाने में विभिन्न संस्थाओं और एनजीओ की भी मदद ली जाएगी।