पूर्व विधायक अमर सिंह बसपा से निष्कासित
हाईकमान की अनुमति के बिना धरना देने का आरोप
जासं, हाथरस : सिकंदराराऊ विधानसभा क्षेत्र विधायक रहे अमर सिंह यादव को बसपा से निष्कासित कर दिया गया है। ये जानकारी पार्टी के जिलाध्यक्ष बनी सिंह जाटव ने मीडिया को मंगलवार में दी। पार्टी विरोध गतिविधियों के चलते उन्हें पार्टी से बहर किया गया है। बताया जाता है कि अमर सिंह यादव पिछले दो माह से धरने पर हैं। इसकी अनुमति भी पार्टी हाइकमान से नहीं ली गई। इससे हाइकमान नाराज है। वहीं पार्टी अध्यक्ष मायावती के जन्मदिन व बाबा साहब के परिनिर्वाण दिवस के कार्यक्रम में भी उन्होंने सहभागिता नहीं की थी। पूर्व विधायक पर अनुशासनहीनता पार्टी विरोधी कार्यों में लिप्त रहने के भी आरोप लगे हैं। जिलाध्यक्ष ने बताया उन्हें पहले भी पार्टी विरोधी गतिविधि में लिप्त होने पर चेतावनी दी जा चुकी थी। इसके बावजूद भी ये सुधरने का नाम नहीं ले रहे थे। अंतत: पार्टी को उनके खिलाफ निष्कासन जैसा फैसला लेना पड़ा।