आज मचेगा धमाल, उड़ेगा रंग-गुलाल
हाथरस जनपद में होली पर्व को लेकर जबरदस्त उत्साह है
जागरण संवाददाता, हाथरस : बुधवार को जिले भर में होली का उत्साह छाया रहा। शहर के बाजारों में मस्ती का माहौल दिखा। देहात से लेकर शहर तक होली की हुड़दंग होती रही। अब गुरुवार की सुबह से ही रंगों की बरसात होगी। शाम को गोविद भगवान का डोला निकाला जाएगा। कस्बों में भी होली धूमधाम से मनाई जाएगी।
गुरुवार की सुबह से ही लोग टोलियों में झूमते-नाचते नजर आएंगे। गली मोहल्लों में बच्चों की टोलियों ने रंग-गुलाल जमाकर होली खेलने की तैयारी कर ली है। बाल मंडली के हाथों में रंगीन पिचकारियां, अनूठे गन, तमंचे, हथगोले आदि रंगों से भरे हुए नजर आएंगे। मिलावटी और केमिकल वाले रंगों से होली खेलते समय विशेष सजगता बरतने की जरूरत है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम :
होलिका दहन से लेकर धुलैंडी तक शहर को तीन जोन में पुलिस प्रशासन ने बांट रखा है। हर होलिका दहन स्थल पर दो-दो पुलिसकर्मी तैनात किए गए। हल्का इंचार्ज के अलावा अधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्र में गश्त करते नजर आए। धुलैंडी वाले दिन भी पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहेगा। गुरुवार की शाम को घंटाघर स्थित गोविद भगवान मंदिर से डोला निकालने के दौरान भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे।