चंदनपुर मामले में सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
घर में घुसकर छेड़छाड़ व मारपीट के मामले में दर्ज हुई रिपोर्ट
जागरण संवाददाता, हाथरस : हाथरस जंक्शन के गांव चंदनपुर में घर में घुसकर हुई मारपीट व छेड़छाड़ के मामले में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
मंगलवार की रात गांव में झगड़ा हुआ था। वादी के अनुसार उनकी बेटी के साथ पड़ोसी युवक तनुज ने छेड़छाड़ की थी। शाम को इस संबंध में उनकी बेटी ने उन्हें जानकारी दी। आरोपित युवक के परिवार से प्रकरण की शिकायत की थी। आरोप है कि इसी बात से क्षुब्ध होकर पूरा परिवार लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आया। लाठी-डंडे से जमकर मारपीट की। वादी को बचाने आई उनकी बेटी, पत्नी व परिवार के अन्य सदस्यों को पीटा। पत्नी व बेटी गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस ने इन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा था। तहरीर के आधार पर राजेंद्र, रवेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, अनिल कुमार, तनुज पुत्र अनुज, अनीता व लता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस छानबीन में जुट गई है। प्रारंभिक छानबीन में दोनों परिवारों के बीच जमीनी विवाद की बात सामने आ रही है। पूर्व में भी दोनों परिवारों में झगड़ा हो चुका है।
एक किलो गांजा बरामद, दो गिरफ्तार
हाथरस : चंदपा कोतवाली पुलिस ने दो युवकों को एक किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। एसएचओ चंदपा वीपी गिरी ने बताया कि सतेंद्र निवासी चंदपा व प्रेमवीर निवासी बूलगढ़ी, चंदपा को गिरफ्तार किया गया है। सतेंद्र से छह सौ तथा प्रेमवीर से चार सौ ग्राम गांजा बरामद किया गया है। छानबीन में सामने आया है कि दोनों काफी समय से इस अवैध धंधे में लिप्त हैं। सतेंद्र पर पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। एनडीपीएस में कार्रवाई हो चुकी हे। इसके अलावा धोखाधड़ी, हत्या, मारपीट आदि के मुकदमे हैं।