हाथरस की स्क्रैप फैक्ट्री में धमाका, पांच मजदूर झुलसे
हाथरस में सलेमपुर औद्योगिक आस्थान स्थित फैक्ट्री में हादसा चार मजदूरों की हालत गंभीर तीन अलीगढ़ में भर्ती एक आगरा रेफर।
संसू, हाथरस : हसायन कोतवाली क्षेत्र में सिकंदराराऊ रोड पर सलेमपुर औद्योगिक आस्थान स्थित लोहे का स्क्रैप गलाने वाली फैक्ट्री में गुरुवार की सुबह हुए धमाके में पांच श्रमिक बुरी तरह झुलस गए। घायलों को अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में भेजा गया, जिनमें से चार की हालत गंभीर है। एक को आगरा रेफर किया गया है।
सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र में महाकाल कानकास्ट प्राइवेट लिमिटेड के नाम से मुदित गर्ग निवासी फीरोजाबाद की फैक्ट्री है। यहां लोहे के स्क्रैप को गलाने का काम किया जाता है। गुरुवार की सुबह फैक्ट्री में धमाका हुआ। बताया जा रहा है लोहा गलाने की भट्ठी में स्क्रैप में आई बाइक की पेट्रोल टंकी डाली गई थी, उसमें कुछ पेट्रोल था। प्रेशर के कारण टंकी फटने से धमाका हुआ। इससे भट्ठी के पास खड़े सुपरवाइजर मुकेश निवासी नगला केशिया थाना विजयगढ़ (अलीगढ़), सत्येंद्र कुमार यादव निवास फुलवरिया कोठी, गया (बिहार), अमरपाल निवासी बलरामपुर, मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद), कमरुद्ददीन निवासी शहबाजपुर, हसायन व एक अन्य मजदूर झुलस गया। पांचों को निजी कार से अलीगढ़ भेजा गया। वहां से मुकेश को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है। सत्येंद्र, अमरपाल और कमरुद्दीन की हालत गंभीर है। तीनों मेडिकल में भर्ती हैं। एक अन्य मजदूर को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
सीओ सिकंदराराऊ सुरेंद्र सिंह के अलावा कोतवाली प्रभारी हसायन मृदुल कुमार सिंह ने मौका मुआयना किया। फैक्ट्री संचालक का फोन स्विच ऑफ था। इंस्पेक्टर मृदुल कुमार सिंह का कहना है कि कोई तहरीर नहीं आई है। रेलवे का सामान गलाने की आशंका
घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्क्रैप पड़ा मिला है। इसमें रेलवे का सामान भी पड़ा होने की बात कही जा रही है। पुलिस भी इस मामले में छानबीन कर रही है।