पति के खिलाफ दर्ज हुआ दहेज हत्या का मुकदमा
कार्रवाई -पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जानकारी के बाद मायके वालों ने दी तहरीर -दम घुटने के कारण हुई थी मौत गला दबाने का किया था प्रयास
जागरण संवाददाता, हाथरस : शहर के मोहल्ला दिलीप नगर में हुई सपना की मौत के मामले में पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। केवल पति के खिलाफ ही मामला दर्ज हुआ है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जानकारी के बाद परिजनों ने यह कार्रवाई की।
सपना (28) पत्नी रामवीर की बुधवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। पति रामवीर का कहना था कि बीमारी के चलते उसकी मौत हुई। वह उसे जिला अस्पताल गंभीर हालत में लाया था, लेकिन रेफर करते समय उसने दम तोड़ दिया था। मौत की जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने रामवीर पर हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना था कि सपना बीमार चल रही थी, लेकिन वह उसका उपचार नहीं करा रहा था। इसके अलावा मारपीट करता था। पुलिस ने तभी रामवीर को हिरासत में ले लिया था। गुरुवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ हो गया कि सपना की हत्या की गई है। उसके साथ जोर-जबरदस्ती हुई थी। गला दबाने का प्रयास किया गया था तथा मुंह व नाक भी दबाए गए थे। इसके कारण उसे सांस लेने में दिक्कत हुई। पुलिस के अनुसार मरा समझकर जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन तब तक सांसें चल रही थीं। रेफर करने के दौरान ही महिला ने दम तोड़ दिया। पड़ोसियों से भी पुलिस ने पूछताछ की। लोगों ने बताया कि पति मारपीट करता था। मृतका के पिता अचल सिंह ने रामवीर के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अचल सिंह का आरोप है कि काफी समय से रामवीर उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। आरोप है कि रामवीर के दूसरी महिला से संबंध थे। इसी वजह से वह उससे पीछा छुड़ाना चाह रहा था।