'डीएम अंकल.. बहुत सर्दी है, छुट्टी करा दो'
घने कोहरे की चादर से अचानक और तेज हुई ठंड न्यूनतम छह, अधिकतम 15 डिग्री सेल्सियस पर तापमान
जासं, हाथरस : गुरुवार को दिन में तेज धूप थी तो शुक्रवार को सुबह वातावरण ने कोहरे की चादर ओढ़ ली। दोपहर 11 बजे तक सूर्य देव कोहरे की चादर के बीच ढके रहे।
शुक्रवार को न्यूनतम तापमान छह डिग्री तो अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा। पूरे दिन लोग ठंड के प्रकोप के कारण ठिठुरने को मजबूर हुए। ठंड को देखते हुए प्रशासन ने छुट्टी को लेकर कोई नई घोषणा नहीं की है, लेकिन प्राथमिक विद्यालय के बच्चे डीएम से छुट्टी की उम्मीद जरूर लगाए बैठे हैं।
शुक्रवार को जब लोग बिस्तर से उठे तो वातावरण घने कोहरे की चादर से लिपटा था। ठंड के कारण स्कूल में बच्चों की संख्या भी प्रभावित रही। ठंड के कारण बाजार में शाम से ही सन्नाटा पसर गया। चौराहो व स्टेशनों, सार्वजनिक स्थलों पर जल रहे अलावों पर निराश्रित ठंड से शरीर को सेकते मिले। कोहरे से ठहर गया जनजीवन
संसू, सादाबाद : शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया है। हाइवे पर वाहनों की गति पर ब्रेक लग गया है। ठंड से स्कूलों में बच्चों की संख्या भी प्रभावित रही। लोगों का कहना था कि इस सीजन का यह सबसे अधिक घना कोहरा था। ठंड के कारण लोग घरों रजाई के बीच पैक रहे। नौकरी पेशे वाले लोग घरों से निकले तो जरूर लेकिन पूरी तरह से ठंड के इंतजाम कर।