गेहूं क्रय केंद्रों पर अव्यवस्थाएं, भड़के किसान
हाथरस : प्रदेश सरकार ने गेंहू की फसल का वाजिब मूल्य दिलाने को गेंहू का समर्थन मूल्य तो बेहत
हाथरस : प्रदेश सरकार ने गेंहू की फसल का वाजिब मूल्य दिलाने को गेंहू का समर्थन मूल्य तो बेहतर कर दिया लेकिन क्रय केंद्रों पर गेंहू की खरीदारी के लिए अफसरों की गंभीरता नहीं दिख रही है। एक अप्रैल से 15 जून तक मंडी के क्रय केंद्रों पर गेंहू की खरीदारी होनी है लेकिन क्रय केंद्रों पर लेबर, वारदाना तक की व्यवस्थाएं नहीं है। सोमवार को जब किसान मंडी स्थित क्रय केंद्रों पर पहुंचे तो अव्यवस्थाओं को देख किसानों ने हंगामा काटा। केंद्र प्रभारी से किसानों की नोकझोंक भी हुई।
सरकार ने इस बार गेंहू का समर्थन मूल्य 1735 रुपये प्रति कुंतल रखा है। प्रत्येक क्रय केंद्र पर एक से 15 जून तक सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक गेंहू की खरीदारी होगी। विपणन शाखा खाद्य एवं रसद विभाग इन केंद्रों पर खरीदारी की व्यवस्थाएं तय करेगा। सोमवार को सुबह किसान मंडी के क्रय केंद्र पर ट्रैक्टर ट्राली में गेंहू भरकर पहुंचे। केंद्र पर खरीदारी से संबंधित जानकारियां थीं। केंद्र प्रभारी भी मौजूद थे। लेकिन गेंहू खरीदने के लिए कांटा, मजदूर, वारदाना व अन्य व्यवस्थाएं नहीं थी। जिससे गेंहू खरीदारी नहीं हो सकी। केंद्र प्रभारी अनिल शर्मा ने जब गेंहू खरीदारी में असमर्थता जताई तो किसानों की नोकझोंक भी हुई। किसानों ने हंगामा भी किया। केंद्र प्रभारी ने शीघ्र केंद्र शुरु करने का आश्वासन दिया। प्रभारी अनिल शर्मा ने बताया कि किसान गेंहू लेकर आये थे लेकिन वारदाना न होने से खरीदारी नहीं हो सकी। क्रय केंद्र पर शीघ्र ही खरीदारी के लिए व्यवस्थाएं बनाई जाएंगी।