प्लॉट के विवाद में पथराव, वृद्ध की मौत
हाथरस सिकंदराराऊ के गाव भुर्रका में गुरुवार को प्लॉट पर कब्जा करने को लेकर हुए विवाद म
हाथरस : सिकंदराराऊ के गाव भुर्रका में गुरुवार को प्लॉट पर कब्जा करने को लेकर हुए विवाद में एक पक्ष के चार लोगों ने पहले वृद्ध के साथ मारपीट की। वे यहीं नहीं रुके, जमकर पथराव भी किया, जिसमें वृद्ध की जान चली गई। बताया जा रहा है ईंट या डंडे के प्रहार से बुजुर्ग को अंदरूनी चोट आई, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक के बेटे ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपित फरार हैं।
कोतवाली क्षेत्र के गाव भुर्रका निवासी रामसेवक सिंह (54) का गाव के ही ओम सिंह, वीरेंद्र सिंह, पप्पू उर्फ सत्य प्रकाश, गुल्लू उर्फ शीलेंद्र के साथ एक प्लॉट को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार दोपहर करीब दो बजे चारों आरोपित जेसीबी के साथ पहुंचे और प्लॉट की बाउंड्री तोड़ना शुरू कर दीं। रामसेवक ने उन्हें रोका तो आरोपितों ने पहले उन्हें पीटा। फिर पथराव कर दिया, जिसमें रामसेवक की मौके पर ही मौत हो गई। वृद्ध के शरीर पर खुली चोट नहीं थी। सिर्फ नाक के ऊपर चोट का निशान था। घटना को अंजाम देकर आरोपित भाग निकले। इसके बाद आसपास के ग्रामीणों ने बुजुर्ग के परिजनों व पुलिस को सूचना दी। कोतवाल डीके सिसोदिया एवं पोरा पुलिस चौकी प्रभारी अविनाश चंद्र दुबे पुलिस बल के साथ पहुंच गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के पुत्र कुलदीप कुमार की रिपोर्ट पर पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है। इधर, स्थानीय सीओ का स्थानांतरण हो जाने के कारण सीओ सिटी हाथरस राम शब्द यादव ने कोतवाली पर पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी ली।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप