भूसा व्यापारी को लूटने से पहले धरा गया धोनी गैंग
मुठभेड़ में शातिर धोनी व नंगा सहित पांच बदमाश गिरफ्तार अवैध असलहा बरामद शिकंजे में शातिर हाथरस जंक्शन क्षेत्र के व्यापारी से होनी थी डेढ़ लाख रुपये की लूट रुपये की कमी के चलते हर हाल में रकम लूटनी थी गोली भी मारते
जागरण संवाददाता, हाथरस : पुलिस की गोली खाने के बाद धोनी गिरोह जिले में सक्रिय है। मंगलवार रात एसओजी व हाथरस जंक्शन पुलिस ने धौरपुर रेलवे क्रासिग से मुठभेड़ में धोनी व नंगा सहित गिरोह के पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से अवैध हथियार व तीन बाइक बरामद हुई हैं। गिरोह ने हाथरस जंक्शन के भूसा व्यापारी को लूटने की योजना बनाई थी। रुपये की कमी के चलते हर हाल में रकम लूटनी थी। व्यापारी को गोली मारने की भी योजना थी।
एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने कोतवाली हाथरस जंक्शन पर बुधवार को प्रेस कान्फ्रेंस कर गिरोह का पर्दाफाश किया। उन्होंने बताया कि एसओजी के दारोगा सुधीर व सिपाही भूपेंद्र को धोनी गिरोह के सक्रिय होने का इनपुट मिला था। इस इनपुट पर हाथरस जंक्शन एसएचओ मनोज शर्मा व एसओजी प्रभारी संजीव शर्मा की टीम ने गिरोह की घेराबंदी शुरू की। धोनी गैंग ने हाथरस जंक्शन के व्यापारी को लूटने की योजना बनाई थी। सूचना थी कि व्यापारी रोजाना हाथरस मंडी से डेढ़ से दो लाख रुपये लेकर गांव जाता है। एएसपी ने बताया कि सोमवार शाम को हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन से आगे पहाड़पुर के रास्ते पर लूट की योजना थी, लेकिन पुलिस के मूवमेंट के कारण गैंग ने घटना को अंजाम नहीं दिया। मंगलवार रात गिरोह रेकी के लिए धौरपुर रेलवे क्रासिग ओवरब्रिज पर एकत्रित हुआ। मुखबिर की सूचना पर हाथरस जंक्शन एसएचओ मनोज शर्मा एसओजी टीम के साथ ओवरब्रिज पर दबिश दी। यहां पुलिस को देख बदमाशों ने फायरिग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने रीतेश उर्फ धोनी निवासी निनामई, सासनी, अरविद उर्फ नंगा निवासी छौंक, हाथरस जंक्शन, राजा उर्फ हसीन निवासी मोहल्ला मुस्ताक नगर, बन्ना देवी (अलीगढ़), बिट्टू उर्फ विशाल निवासी रामबाग कटरा देवी वाली गली, एत्मादुद्दौला (आगरा) व चंद्रशेखर उर्फ चमन निवासी खेड़ा टिकारी, हाथरस जंक्शन को गिरफ्तार किया। इनसे तीन तमंचे, जिनमें दो 315 व एक 303 बोर बरामद किए गए। इनके अलावा आठ जिदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, दो चाकू व तीन बाइक भी मिली हैं।
एएसपी ने बताया कि रीतेश, अरविद व राजा कुख्यात हैं। रीतेश सासनी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। इस पर 23 मुकदमे दर्ज हैं। अरविद उर्फ नंगा हाथरस जंक्शन का हिस्ट्रीशीटर है। इस पर 11 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। राजा उर्फ हसीन पर 17 मुकदमे हैं। बिट्टू व चमन हाल ही में इस गिरोह से जुड़े हैं।
धोनी डेढ़ महीने पहले
आया था जेल से बाहर
हाथरस : धोनी गिरोह तत्कालीन एसपी अजयपाल शर्मा के कार्यकाल में चर्चा में आया था। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में 15 जून 2016 को मेंडू पर मुठभेड़ हुई थी, जिसमें धोनी व नंगा के पैर में गोली भी लगी थी। इनके गिरोह के आधा दर्जन से अधिक बदमाशों को जेल भेजा गया था। एक साल के अंदर ही धोनी बाहर आ गया और घटना करने लगा। डेढ़ साल पहले कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में सुनार से हुई लूट में धोनी शामिल था। बाद में उसने सरेंडर किया था। पिछले साल उसने सहपऊ के डकैती के मुकदमे में कोर्ट में सरेंडर किया था। इसी 15 अप्रैल को वह जेल से बाहर आया। मुकदमेबाजी के चलते उसे रुपयों की सख्त जरूरत थी। इसलिए फिर से लूट की योजना बनाई जा रही थी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप