50 लाख रुपये की मांग ने किया बेटी का घर बर्बाद
दहेज मांगने व दामाद के आत्महत्या करने पर दर्ज कराया मुकदमा ससुरालियों पर लगाए गंभीर आरोप कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज
जागरण संवाददाता, हाथरस : अतिरिक्त दहेज की मांग व दामाद के आत्महत्या करने पर ससुराल पक्ष के दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। लड़की के पिता ने बेटी का घर बर्बाद होने का हवाला देते हुए न्याय की गुहार लगाई है। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली सदर में रिपोर्ट दर्ज हुई है।
राजकुमार निवासी गली भुर्जियान घंटाघर हाथरस ने बेटी के ससुर विजयशंकर वाष्र्णेय, सास वीना, जेठ रानू, जेठानी शिखा निवासी प्रीमियर नगर, थाना गांधी पार्क (अलीगढ़), ननदोई विनय गुप्ता व ननद पारुल निवासी मालीपाड़ा (अलीगढ़), ननदोई दिगंत गुप्ता व ननद चारुल निवासी ज्ञानसरोवर रामघाट रोड, अलीगढ़ तथा परिवार के करीबी चांदनी जैन व उनके पिता अरुण जैन निवासी अलीगढ़ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। राजकुमार ने बताया है कि बेटी ममता की शादी एक दिसंबर 2011 को प्रतीक वाष्र्णेय निवासी अलीगढ़ से की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराली 50 लाख रुपये की मांग करने लगे। इसके लिए उनकी बेटी को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उसे भूखा रखा जाता था। राजकुमार के अनुसार ममता का पति उसका पक्ष लेता था। इस पर ससुराली प्रतीक के खिलाफ हो गए तथा उसे भी परेशान करने लगे। राजकुमार का आरोप है कि इसी बात से परेशान होकर 7 जनवरी 2019 को प्रतीक ने आत्महत्या कर ली। इसके कुछ दिन बाद उनकी बेटी को घर में ही बंधक बना लिया था। अलीगढ़ पुलिस की मदद से 23 जनवरी को लड़की को ससुरालियों से चंगुल से निकाला तथा हाथरस ले आए। ममता पर एक बेटी व दो जुड़वां बेटे हैं। 24 जनवरी को ससुराली हाथरस आए तथा यहां आकर धमकाया तथा फिर से 50 लाख रुपये की मांग की। कोई रास्ता नजर न आने पर पुलिस की शरण ली। वहां से राहत न मिलने पर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।