बूलगढ़ी में मनी दीपावली, पर मृतका के घर नहीं जला दीया
आरोपितों के स्वजन ने किया त्योहार पर लक्ष्मी-गणेश का पूजन गांव के तमाम मकानों पर की गई थी सजावट बचों ने चलाए पटाखे।
जासं, हाथरस : गम से उबरे बूलगढ़ी गांव के लोगों ने भी दीपावली मनाई मगर मृतका के घर दीया नहीं जला। आरोपितों के घरों पर दीपावली पर परंपराओं का पालन हुआ। लक्ष्मी-गणेश का पूजन कर कलंक के साये को मिटाने की प्रार्थना की गई।
चंदपा के गांव बूलगढ़ी में 14 सितंबर को युवती के साथ हुई वारदात के बाद 29 सितंबर को मौत हो गई थी। उसके बाद से बूलगढ़ी का माहौल बदला- बदला सा है। यहां सीआरपीएफ के जवान तैनात हैं।
मृतका के पिता का कहना था कि हमारी दीपावली तो खोटी हो गई है। दीपावली की शाम को दीया तक नहीं जलाया गया। दीपावली की शाम त्योहार को लेकर उमंग और उल्लास की जगह मृतका के मां-बाप की आंखों में आंसू थे। पिता बोले, ऐसी भी दीपावली आएगी, सपने में भी नहीं सोचा था। पिछली बार बेटी के साथ दीपावली मनाई थी।' आरोपितों के यहां पूजा-पाठ
आरोपितों के घरों में दीपावली की उमंग और उत्साह पहले जैसी तो नहीं थी मगर लक्ष्मी-गणेश का पूजन कर मंदिर एवं पीपल के पेड़ के नीचे दीया रखा गया। आरोपित संदीप और दूसरे आरोपितों के घरों पर छोटे बच्चों ने पटाखे भी चलाए। आरोपित परिवार के एक सदस्य का कहना है कि दीपावली पर लक्ष्मी-गणेश का पूजन किया गया। मृतका के घर आए
रिश्तेदार, दी सांत्वना
जासं, हाथरस: मृतका के घर सीआरपीएफ की सुरक्षा इतनी सख्त है कि सांत्वना देने आए रिश्तेदारों से भी भी सीआरपीएफ जवानों ने आधारकार्ड मांग लिया। जवान का कहना था कि स्वजन की सुरक्षा का जिम्मा सीआरपीएफ का है, कोताही नहीं बरती जा सकती है।
रविवार को बूलगढ़ी में भी गोवर्धन पूजा की गई, मगर मृतका के घर पर न तो दीपावली मनी और न गोवर्धन महाराज रखे गए। दोपहर करीब 12 बजे कुछ रिश्तेदार जिनमें दो पुरुष और एक महिला आई। जवानों ने मृतका के भाई को बुलाकर इस बात की शिनाख्त कराई कि ये लोग उनके रिश्तेदार हैं। मृतका के भाई ने उन्हें रिश्तेदार बताया तब उनके नाम-पते रजिस्टर में लिखकर एक व्यक्ति से आधार कार्ड भी मांगा। आधार कार्ड नंबर रजिस्टर में दर्ज करने के बाद घर तक जाने की इजाजत दी।
सीआरपीएफ कैंप पर बड़ाखाना
फोटो- 3, 4
जासं, हाथरस : बूलगढ़ी गांव में मृतका के घर से लेकर छत पर पैनी निगरानी कर रहे सीआरपीएफ के जवानों ने दीपावली पर्व अपने कैंप पर मनाया। बड़े खाने का आयोजन किया गया। लक्ष्मी-गणेश का पूजन करने के साथ पटाखे भी छोड़े गए। जवानों ने स्वजन से मोबाइल पर बातचीत कर शुभकामनाएं दीं। बड़े खाने में शाही पनीर के अलावा मिक्स सब्जी के अलावा खीर और गुलाब जामुन का का रसास्वादन किया।