बेटे की मौत के लिए बहू को ही ठहराया जिम्मेदार
-कांशीराम टाउनशिप के युवक ने जहर खाकर दे दी थी जान -मृतक की मां ने दर्ज कराई रिपोर्ट, मामले की जांच में जुटी पुलिस
जागरण संवाददाता, हाथरस : कांशीराम टाउनशिप के युवक ने दीपावली वाले दिन विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। प्रकरण में मृतक की मां ने अपनी बहू के खिलाफ ही रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि शादी के बाद से ही बहू रुपये के लिए उनके बेटे को परेशान करती थी।
गुड्डू (32) पुत्र हरिशंकर कैंटर चलाकर अपना परिवार चला रहा था। चार साल पहले उसकी सीमा देवी से शादी हुई थी। शादी के बाद एक बेटा भी हुआ। मां शांति देवी का आरोप है कि बहू अकसर बेटे से लड़ती रहती थी। बात-बात पर उसे ताने देती थी तथा परेशान करती थी। घर में रुपये को लेकर कलह होती थी, जबकि बेटा ठीक-ठाक कमाता था। दीपावली वाले दिन भी पति-पत्नी में विवाद हो गया था। वह अपने मायके चली गई थी। गुड्डू उसे बुलाने भी गया था। आरोप है कि साले ने उसके साथ मारपीट कर दी थी। इसके बाद वह घर लौट आया और देर रात विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां गुड्डू को मृत घोषित कर दिया गया। शांति देवी ने बहू सीमा देवी को घटना का जिम्मेदार मानते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पटाखा चलाते समय
झुलस गया मासूम
फोटो-13
हाथरस : गांव ऐंहन में पटाखा चलाने के दौरान लापरवाही बरतना एक बच्चे को भारी पड़ गया। परिजनों की मौजूदगी के बिना बच्चा अकेले में पटाखा चला रहा था। हादसे में उसका चेहरा, दोनों हाथ व सीना बुरी तरह झुलस गया। गौरव (8) पुत्र अरुण शर्मा घायल हुआ है। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया।