बरातियों की बस निकालने को लेकर विवाद, हंगामा
संसू, हाथरस : सिकंदराराऊ में शनिवार की देर शाम नगर के मोहल्ला हुरमतगंज में एक बरात आई
संसू, हाथरस : सिकंदराराऊ में शनिवार की देर शाम नगर के मोहल्ला हुरमतगंज में एक बरात आई थी। यहां बरात से भरी बस को निकालने को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने बस पर पत्थर मारकर शीशा तोड़ दिया। इसे लेकर दो पक्षों में जमकर विवाद हुआ। मामला थाने तक पहुंच गया। दोनों ओर से तहरीर दे दी गई है।
शनिवार की देर शाम करीब आठ बजे मारहरा से एक बरात सिकंदराराऊ आई थी। बरात से भरी बस देवेश माहेश्वरी के घर के पास से निकाली जा रही थी जिसका देवेश से विरोध किया। बरात निकालने पर बराती अड़ गए। इस बीच दुल्हन पक्ष के लोगों को सूचना हुई तो वह भी आ गए। विवाद दोनों तरफ से बढ़ गया और जमकर कहासुनी और हंगामा हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्षों में आस्तीनें तन गई और मारपीट और गालीगलौच शुरू हो गई। इस दौरान बस का शीशा पत्थर मारकर तोड़ दिया। इससे बरातियों में अफरातफरी मच गई। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से तहरीर कोतवाली को दे दी गई है। पुलिस हुए विवाद के बारे में जांच कर रही है।