एसडीएम से धान खरीद में धांधली की शिकायत
एसडीएम ने किया मंडी समिति स्थित धान खरीद केंद्र का निरीक्षण कार्रवाई की चेतावनी एमएसपी न
एसडीएम ने किया मंडी समिति स्थित धान खरीद केंद्र का निरीक्षण, कार्रवाई की चेतावनी, एमएसपी न मिलने के कारण किसान परेशान
फोटो-34
संसू, हाथरस : सरकार कितने ही दावे करे, लेकिन किसानों को धान का समर्थन मूल्य नहीं मिल पा रहा है। जिससे किसान परेशान हैं। सिकंदराराऊ क्षेत्र के किसान बड़ी संख्या में अलीगढ़ की मंडी में धान बेचने के लिए जा रहे हैं। जहां बुधवार को 1140 रुपए का भाव दिया गया। वहीं स्थानीय मंडी समिति पर बनाए गए खरीद केंद्र पर भी धान की खरीद निर्धारित मूल्य पर नहीं हो रही है, जिससे किसान दुखी हैं।
धान की खरीद में चल रही धांधली को लेकर कर्मयोग सेवा संघ का एक प्रतिनिधिमंडल संस्थापक अध्यक्ष विवेकशील राघव के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी से मिला और न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान न खरीदे जाने व केंद्रों की समुचित व्यवस्था न किये जाने को लेकर रोष व्यक्त किया। शिकायत पर उपजिलाधिकारी विजय कुमार शर्मा ने मंडी का निरीक्षण करते हुए क्षेत्र में चल रहे 4 खरीद केंद्रों की जानकारी हासिल की। उन्होंने शासन के निर्देशानुसार धान की खरीद किए जाने के निर्देश दिए तथा चेतावनी दी कि यदि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
संस्थापक अध्यक्ष विवेकशील राघव ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि किसान अपनी फसल का पूरा मूल्य लेने के लिए मंडी स्थित केंद्र पर लाएं। हसायन, सुजावलपुर व सिकन्दराराऊ के खरीद केंद्रों पर किसी भी तरह की समस्या होने पर संगठन अथवा अधिकारियों को सम्पर्क करें।
प्रतिनिधिमंडल में कर्मयोग सेवा संघ के हसायन ब्लॉक अध्यक्ष महेश पुंढीर, सिकन्दराराव ब्लॉक अध्यक्ष कुलवीर यादव, अजय वर्मा, हिमांशु दीक्षित एड. अरुण दीक्षित एड. भूपेंद्र सिंह एड., मदन तिवारी सहित कुछ किसान मौजूद रहे।
गांव नगरिया निवासी किसान पुष्पेंद्र उपाध्याय का कहना है कि बुधवार को भी अलीगढ़ मंडी में 1140 रुपए प्रति क्विटल के भाव से धान खरीदा गया। यह समस्या सभी किसानों की है। स्थानीय स्तर पर सुविधा न मिलने के कारण अधिक दाम पर धान बेचने की लालसा में किसान अलीगढ़ की मंडी पहुंच रहे हैं। वहां भी उन्हें ठगा जा रहा है।