450 बसों से आएंगे भाजपाई और समूह की महिलाएं, सीएम योगी की जनसभा में गर्मी से निपटना होगी बड़ी चुनौती
सीएम योगी आदित्यनाथ की हाथरस जनसभा में 20 हजार लोगों को लाने का लक्ष्य है, जिसके लिए 450 बसें लगाई ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
HighLights
20 हजार लोगों को लाने का लक्ष्य, 450 बसें लगाई गईं।
गर्मी से बचाव हेतु कूलर, पंखे, ओआरएस की व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, हाथरस। सीएम योगी आदित्यनाथ की जनसभा रविवार की दोपहर साढ़े ग्यारह बजे से शुरू होगी। आज शनिवार को सभी सातों ब्लाक कार्यालयों पर प्राइवेट बसें भाजपा कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को लाने के लिए लगा दी गई हैं। इनके अलावा प्रधान और पंचायत सहायक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व आशा भी सीएम को सुनने पहुंचेंगी।
मगर भीषण गर्मी में जनसभा में कितनी भीड़ पहुंचेगी ? ये रविवार को जन सभा के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। भाजपा के पदाधिकारियों और प्रशासन को कम से कम 20 हजार लोगों को जनसभा में लाने का लक्ष्य दिया गया था। इनमें कुछ भाजपा कार्यकर्ता और कुछ समूह की महिलाएं, पंचायत सहायक, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल हैं।
प्राइवेट बसें हाथरस, मुरसान, सादाबाद, सहपऊ, हसायन, सासनी, सिकंदराराऊ ब्लाक कार्यालय पर लगा दी गई हैं जो रविवार की सुबह करीब नौ बजे जनसभा स्थल के लिए रवाना होंगी। जनसभा में 20 लोगों की भीड़ को पहुंचाने के लिए अधिकारियों की एक टीम लगाई गई है।
सचिव और प्रधानों को सौंपी भोजन की जिम्मेदारी
कार्यकर्ताओं और महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सब्जी-पूडी के पैकेट देने की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत सचिव और प्रधानों को सौंपी गई। ताकि कोई भूखा न रहे। भोजन के साथ पानी की एक बोतल भी दी जाएगी।
सभा को करीब 20 हजार कार्यकर्ताओं और लाभार्थियों को लाने का लक्ष्य दिया गया है। गर्मी से कार्यकर्ताओं को बचाने के लिए ओआरएस युक्त पानी और 200 कूलर और करीब एक हजार से अधिक से पंखों का इंतजाम किया गया है।
