सफाई कर्मियों की हड़ताल से ठप रही सफाई व्यवस्था
सफाई कर्मी से अभद्रता पर भड़के आरोपित की गिरफ्तारी न हुई तो सोमवार से फिर करेंगे हड़ताल
संवाद सहयोगी, हाथरस: सफाई कर्मियों ने साथी कर्मी से हुई अभद्रता को लेकर शुक्रवार को शहर की सफाई व्यवस्था ठप कर दी। इससे चारों ओर गंदगी के ढेर लगे रहे। नगर पालिका में एकत्रित कर्मियों ने धरना-प्रदर्शन कर तत्काल कार्रवाई की मांग की। पुलिस व पालिका के अधिकारियों ने आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन देकर आंदोलन समाप्त कराया।
सफाई कर्मचारी शुक्रवार को नगर पालिका कार्यालय परिसर में एकत्रित हुए और नारेबाजी करने लगे। हड़ताल की घोषणा कर दी। बताया कि 11 फरवरी को एक व्यक्ति ने सफाईकर्मी दिलीप के साथ अभद्रता की है। इसपर पालिका कर्मियों ने भी सहयोग करते हुए विभागीय कार्य बंद रखा।
हड़ताल की सूचना पर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा व अधिशासी अधिकारी डॉ. विवेकानंद गंगवार धरना-स्थल पहुंचे। उनके समझाने पर भी कर्मचारी नहीं माने। इसके बाद सीओ रामशब्द यादव, थाना हाथरस गेट कोतवाल ऐके सिंह पहुंचे। उन्होंने आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तीन दिन के अंदर गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। तब धरना समाप्त हुआ। दोपहर करीब बारह बजे के बाद ही पालिका में विभागीय कार्य शुरू हो सका। लोगों ने खुद ही की सफाई
सफाई कर्मियों ने शहर में सुबह से शहर की सफाई व्यवस्था ठप कर दी। सुबह से ही सड़कों पर कोई भी सफाई कर्मी नजर नहीं आ रहा था।चारों ओर कूड़े के ढेर लगे हुए थे। नाले-नालियों का उफनना शुरू हो गया। बस्तियों के अलावा शहर के बाजारों में भी सफाई नहीं होने से आस-पास गंदगी पसरी हुई थी। लोगों ने अपने घरों व प्रतिष्ठानों के सामने खुद ही सफाई की।
गिरफ्तारी नहीं होने पर सोमवार से फिर होगी हड़ताल
पीड़ित सफाई कर्मी दिलीप का कहना है कि रविवार तक आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई तो सोमवार से फिर हड़ताल की जाएगी। शुक्रवार को सफाई कर्मी एक दिन का सामूहिक अवकाश लेकर इस धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए थे। नगर पालिका में इस समय नियमित व ठेका कर्मियों को मिलाकर करीब चार सौ सफाईकर्मी कार्यरत हैं।