प्लाट की नाप के दौरान हुआ संघर्ष, चले डंडे
सादाबाद में जलेसर रोड पर का मामला, दोनों पक्षों में हुआ समझौता
संवाद सूत्र, हाथरस : सादाबाद में जलेसर रोड पर रविवार को प्लाट की नाप के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले। हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। दोनों पक्षों की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है।
विवेक गुप्ता पुत्र शांति स्वरूप गुप्ता निवासी सलेमपुर रोड का जलेसर रोड पशु अस्पताल के सामने प्लाट है। उनके भाई श्याम गुप्ता का भी प्लाट उनके बराबर में है, जिस पर विवाद चल रहा है। विवेक को दुकान का निर्माण कराना है। वे रविवार की सुबह नाप करा रहे थे। विपक्षियों को लगा कि श्याम गुप्ता वाली जगह पर निर्माण कार्य का प्रयास किया जा रहा है। इस बात पर दोनों पक्षों में नोकझोंक हो गई। धीरे-धीरे बात बढ़ गई। इनमें लाठी-डंडे चल गए। दोनों पक्ष के लोग घायल हो गए। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। एक पक्ष से विवेक गुप्ता ने तहरीर दी तथा दूसरे पक्ष से लक्ष्मण निवासी जलेसर रोड के परिवार की युवती ने। लक्ष्मण ने विवादित स्थल पर निर्माण कार्य कराने का आरोप लगाया। बाद में दोनों पक्षों में थाने पर ही समझौता हो गया।