दीवानी परिसर में मुवक्किल व अधिवक्ता के बीच झड़प
तीन महीने की तारीख लगाने पर महिला से हुआ विवाद पति-पत्नी में ढाई साल से चल रहा मुकदमा
जागरण संवाददाता, हाथरस : दीवानी परिसर में सोमवार की दोपहर महिला मुवक्किल की पति के अधिवक्ता से नोक-झोंक हो गई। महिला ने अगली डेट लंबी देने का विरोध किया था। बताते हैं कि नोक-झोंक इतनी बढ़ गई कि दोनों ओर से हाथापाई हो गई। वहां हंगामा खड़ा हो गया। पुलिस ने मामला शांत कराया।
सादाबाद क्षेत्र की रहने वाली महिला की शादी आठ साल पहले हाथरस के युवक से हुई थी। ढाई साल पहले से पति-पत्नी में विवाद चल रहा है। महिला मायके में रह रही है। दहेज उत्पीड़न व घरेलू हिसा का केस पति के खिलाफ दर्ज कराया था। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। सोमवार को महिला अपने पिता के साथ कोर्ट आई थी। यहां पता चला कि न्यायिक अधिकारी अवकाश पर हैं। इसलिए अगली डेट लेनी थी। महिला का आरोप है कि पति के अधिवक्ता तीन महीने बाद की डेट ले रहे थे, जिसका महिला ने विरोध किया। इस बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। नोक-झोंक बढ़ने पर महिला के पिता बीच में पड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों ओर से हाथापाई व धक्का-मुक्की हो गई। हंगामे पर काफी संख्या में अधिवक्ता जमा हो गए। जैसे-तैसे लोगों ने मामला शांत कराया। झगड़े की बात अन्य न्यायिक अधिकारियों तक पहुंची तो उन्होंने नाराजगी जाहिर की। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। महिला व उसके पिता को लेकर कोतवाली आ गई। महिला या अधिवक्ता की ओर से मामले में कोई शिकायत नहीं की गई है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप