मना ली दीपावली, अब होगी बकायेदारों की बिजली गुल
- दस हजार से बड़े बकायेदारों पर की जाएगी विभागीय कार्रवाई - त्योहार के चलते सुस्त रहा
संवाद सहयोगी,हाथरस : दीपावली के कारण बंद रहा चेकिग अभियान अब शीघ्र ही शुरू किया जाएगा। अब 10 हजार से ऊपर के बड़े बिजली बकायादारों के साथ कोई रियायत नहीं बरती जाएगी। सीधा कनेक्शन काटते हुए उपभोक्ताओं के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिनके पास एक महीने का भी बकाया है, उन्हें भी नहीं बख्शा जाएगा।
विद्युत वितरण खंड प्रथम में अधिकतर शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता ही आते हैं। इसमें किसानों की संख्या भी कम है। किसानों की आमदनी फसलों पर निर्भर हो सकती है, पर अन्य उपभोक्ता भी कोई न कोई बहाना बनाते हुए बिलों का भुगतान समय से नहीं कर रहे हैं। इसी के चलते करोड़ों रुपये का बकाया उपभोक्ताओं पर चल रहा है। पिछले दिनों विद्युत विभाग ने छापामार अभियान शहर में शुरू किया था। इसमें बाहर की विजिलेंस टीमें भी शामिल थीं। दीपावली पर किसी के घर अंधेरा न हो, इसी के चलते यह अभियान सुस्त हो गया। अब पांच दिनों के पर्व के खत्म होते ही विभागीय अधिकारी फिर से चेकिग शुरू किए जाने की बात कर रहे हैं। यह अभियान कभी भी शुरू हो सकता है। इसके बकायेदारों के कनेक्शन काटने के साथ मीटरों को भी उखाड़ते हुए उनकी बिजली गुल कर दी जाएगी। एसडीओ प्रथम पवन वर्मा ने बताया कि उच्चाधिकारियों का आदेश मिलते ही चेकिग शुरू करा दी जाएगी।