बंबे में गिरे बाइक सवार, दो की मौत, हंगामा-जाम
सादाबाद-राया मार्ग पर ऊंचागांव बंबा के निकट हुआ हादसा दर्दनाक -पल्सर सवार दो युवक गांव लोकेरा से जा रहे थे राया की ओर -पुलिया न बनने पर बिफरे ग्रामीण, लगाया जाम, जमकर नारेबाजी
संवाद सूत्र, हाथरस : सादाबाद में राया मार्ग पर शुक्रवार की शाम तेज रफ्तार बाइक सवार बंबा में जा गिरे। पुलिया टूटी होने के कारण यह हादसा हुआ। घटना से आक्रोशित लोगों ने सादाबाद-राया मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिया न बनने से आकोशित लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
चंद्रशेखर (26) पुत्र बृजलाल निवासी दौलतपुर बल्देव (मथुरा) अपने दोस्त भोला (25) पुत्र रघुवीर निवासी कूमा बिचपुरी, राया (मथुरा) के साथ पल्सर बाइक से सादाबाद के गांव लोकेरा में अपनी रिश्तेदारी में आए थे। चंद्रशेखर बिचपुरी, राया में खाद बीज की दुकान चलाते हैं। यहां से दोनों युवक राया लौट रहे थे। राया जाते वक्त ऊंचागांव बंबे के निकट सैनपुर मोड़ पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया। दोनों युवक बाइक लेकर बंबा में जा गिरे। आवाज सुनकर काफी संख्या में लोग पहुंच गए। ग्रामीणों ने युवकों को बाहर निकाला तथा एंबुलेंस से सादाबाद सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी पर लोग भड़क गए और हंगामा शुरू कर दिया। लोगों ने सादाबाद-राया मार्ग पर झाड़ियां डालकर जाम लगा दिया। लोगों ने कहा कि मोड़ पर बड़ा पेड़ है, जिससे मोड़ का अंदाजा नहीं हो पाता। इसके अलावा पुलिया की बाउंड्री टूटी हुई है। कोई संकेतक भी नहीं है। पूर्व में भी कई बार यहां हादसे हो चुके हैं।
जाम लगने की जानकारी पर एसएचओ अनिल कुमार ¨सह मौके पर पहुंचे। काफी देर तक समझाने बुझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। घटना की जानकारी पर परिजन सादाबाद सीएचसी पहुंचे। यहां चीख-पुकार मची रही।