भट्ठा कारोबारी 24 को देंगे लखनऊ में धरना
लंबे समय से चल रहा कारोबारियों का आंदोलन फ्लाईऐश की बाध्यता समाप्त करने की चल रही मांग
संवाद सहयोगी, हाथरस : फ्लाई ऐश की बाध्यता समाप्त किए जाने की मांग को लेकर ईंट भट्ठा कारोबारी लंबे समय से आंदोलन करते चले आ रहे हैं। अब इसे लेकर 24 सितंबर को लखनऊ में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
हाथरस जिला ब्रिक क्लिन एसोसिएशन के संरक्षक ब्रज किशोर माहेश्वरी, अध्यक्ष मुकेश दीक्षित, कोषाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद गुप्ता व महामंत्री कमल गोयल ने बताया कि वन व पर्यावरण मंत्रालय ने अपने नोटिफिकेशन 22 दिसंबर 2014 व 25 जनवरी 2016 द्वारा फ्लाई ऐश ईंट का प्रयोग बाध्यकारी किया है, जबकि फ्लाई ऐश रेडियोएक्टिवी होने के कारण इससे दमा, कैंसर, चर्मरोग जैसी बीमारियां फैलने की प्रबल संभावना रहती है। इन नोटिफिकेशन को तत्काल समाप्त किए जाने की मांग की गई है। इतना ही नहीं प्रदेश सरकार ने अपना एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर ईंट मिट्टी से रॉयल्टी समाप्त किए जाने की घोषणा की थी, लेकिन यह घोषणा आज तक लागू नहीं हुई है। ईंट रॉयल्टी तत्काल समाप्त की जाए। ईंट मिट्टी की रॉयल्टी पर जीएसटी की देयता तत्काल समाप्त की जाए। कुशीनगर, महाराजगंज, देवरिया में मैत्री परियोजना प्रभावित क्षेत्र में भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित होने तक ईंट भट्ठा संचालन की अनुमति जारी की जाए। चालू ईंट भट्ठों का जिग-जैग में परिवर्तन तब तक बाध्यकारी न किया जाए, जब तक प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड या सरकार कोई प्रमाणित डिजायन उपलब्ध न कराए। प्रमाणित डिजायन आने पर परिवर्तन हेतु कम से कम तीन वर्ष का समय प्रदान किया जाए। एनसीआर जनपदों में भी 30 जून 2019 तक चालू ईंट भट्ठों के संचालन पर रोक न लगाई जाए। इन्हीं मांगों को लेकर 24 सितंबर को लखनऊ के कांशीराम गार्डन वीआइपी रोड पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।