भरत के लिए राजगद्दी व राम को वनवास मांगा
शहर में रामलीला महोत्सव के तहत मंगलवार को राम वनगमन लीला का मंचन दर्शकों को भावुक कर गया।
जासं, हाथरस : शहर में रामलीला महोत्सव के तहत मंगलवार को राम वनगमन लीला का मंचन दर्शकों को भावुक कर गया। दशरथ, कैकेई व मंथरा संवाद के बाद राम-सीता व लक्ष्मण वन को चले गए।
कैकेई पहले राम के राज्याभिषेक की तैयारी से बेहद प्रसन्न थी, मगर जो बातें उसे प्रसन्न कर रही थीं वही मंथरा के प्रभाव से दुखदायी नजर आने लगीं।
राम को वन भेजने की मांग से राजा दशरथ विचलित हो जाते हैं, मगर कैकेई अपनी हठ पर अड़ी रहती है। रामलीला के साथ ही सुबह रामलीला मंचन में भी दर्शकों की भारी भीड़ थी। शिव धनुष टूटते ही गूंजे जयकारे
संसू, सादाबाद : श्री रामलीला समिति के तत्वावधान में मनोहारी मंचन किया जा रहा है। मंगलवार की शाम धनुष यज्ञ लीला का मंचन हुआ। मिथिला के राजा जनक अपनी पुत्री सीता के विवाह के लिए स्वयंवर का आयोजन करते हैं। मुनि विश्वामित्र भी श्री राम और लक्ष्मण के साथ पहुंचे। कोई राजा धनुष नहीं हिला सका तो गुरु की आज्ञा पाकर राम जी शिव धनुष तोड़ते हैं। धनुष भंग की गर्जना सुनकर भगवान परशुराम पहुंचते है और बेहद क्रोधित होते हैं। यहां उनका लक्ष्मण से रोचक संवाद होता है। अंतत: राम जी के प्रभाव से परिचित होकर उन्हें प्रणाम कर तप के लिए चले जाते हैं। श्री रामलीला समिति अध्यक्ष सुनील गौतम, कोषाध्यक्ष अनुपम जिदल, प्रभात पचौरी सहित समिति पदाधिकारी मौजूद रहे। आज निकलेगी राम बारात
सादाबाद में श्री रामलीला समिति के तत्वावधान में बुधवार को नगर में धूमधाम से श्री राम बरात निकलेगी। अध्यक्ष सुनील गौतम ने बताया कि श्री राम बरात का शुभारंभ विनोबानगर चौराहे से किया जाएगा। रोडवेज बस स्टैंड, जवाहर बाजार में प्रवेश करने के बाद चौक बाजार, मोहल्ला आगरा गेट होते हुए कूपा रोड स्थित गिर्राज सेवा सदन स्थित जनकपुरी पहुंचेगी। जहां आगे के कार्यक्रम होंगे। बैंड बाजे के साथ झांकियां भी निकलेंगी।
हसायन में राम बरात आज
हसायन कस्बे में भी बुधवार को दोपहर दो बजे से राम बरात का आयोजन श्री राम सेवा समिति के सौजन्य से किया जाएगा। समिति के वरिष्ठ कार्यकर्ता सौरभ गुप्ता सोनू शर्मा ने यह जानकारी दी।