अकराबाद के युवक की हसायन में हत्या
हसायन के गांव नगला मियां में मटर के खेत की कर रहा था रखवाली गमछे से गला घोंटा।
संसू हाथरस : हसायन कोतवाली हसायन के गांव नगला मियां में मटर के खेत की रखवाली कर रहे अकराबाद के युवक की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। रविवार की सुबह पता चलते ही अफरा-तफरी मच गई। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हत्या की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। चार लोगों को संदेह के आधार पर नामजद किया गया है।
अलीगढ़ के थाना अकराबाद के गांव कनकपुर निवासी महाराज सिंह उर्फ छोटेलाल (35) पुत्र खेम सिंह को गांव बस्तोई में मुन्नी देवी निवासी भगवानगढ़ी, थाना क्वार्सी, अलीगढ़ के मटर के खेत की चौकीदारी के लिए लेखराज सिंह निवासी करहला ने पंद्रह दिन पहले ही रखवाया था। वह बस्तोई के पूर्व प्रधान महाराज सिंह के मकान पर रहता था और रोजाना की भांति शनिवार को भी खेत की रखवाली के लिए गया था। वहां पर उसी के गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इतवार की सुबह उसका शव ग्रामीणों ने देखा तो हतप्रभ रह गए। हत्या की जानकारी मिलते ही स्वजन के अलावा ग्रामीणों का जमघट लग गया। हत्या की रिपोर्ट मृतक के भाई सुम्मेर सिंह ने दर्ज कराई है। इसमें शक आधार पर संजय सिंह, टीटू, भवनेश व वीरेंद्र निवासीगण बस्तोई थाना हसायन को नामजद किया है। कोतवाली प्रभारी मृदुल कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही इसका पर्दाफाश कर दिया जाएगा। इधर, स्वजन शव को अपने साथ अलीगढ़ जनपद के गांव में गांव ले गए हैं।