किसानों के नाम केंद्रीय कृषि मंत्री की पाती
फिक्रमंद आठ पेज के पत्र में नए कृषि कानूनों पर किसानों को समझाने की कोशिश।
जासं, हाथरस : 'मैं किसान परिवार से आता हूं। खेती की बारीकियां और खेती की चुनौतियां, दोनों को ही देखते- समझते हुए बड़ा हुआ हूं। खेत में पानी देने के लिए देर रात तक जागना, पानी चलते हुए मेड़ टूट जाने पर उसे बंद करने के लिए भागना, असमय बारिश का डर, समय पर बारिश की खुशी। ये सब मेरे जीवन का हिस्सा रहे हैं। फसल काटने के बाद उसे बेचने के लिए हफ्तों का इंतजार भी मैंने देखा है।'
केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने यह अनुभव साझा करते हुए किसानों के नाम आठ पेज का पत्र लिखा है। इसमें नए कृषि कानूनों के फायदे गिनाते हुए आय बढ़ाने के तरीके बताए हैं। उन्होंने अन्नदाता को आश्वासन देते हुए कहा कि एमएसपी के बारे में लिखित आश्वासन देने को तैयार हैं। एपीएमसी के बाहर निजी बाजारों पर राज्यों में कर लगाने की अनुमति दी जा सकती है। किसी भी प्रकार के विवाद के समाधान के लिए किसानों के पास अदालत में जाने का विकल्प भी होगा। राज्यों को कृषि समझौते को पंजीकृत करने का अधिकार होगा। कोई भी किसान की जमीन पर कब्जा नहीं कर सकता, क्योंकि यह कानून किसानों की भूमि के किसी भी तरह के ट्रांसफर, बिक्री, लीज और गिरवी की अनुमति नहीं देता है। कांट्रेक्टर्स किसानों की जमीन पर किसी भी तरह का स्थायी बदलाव नहीं कर सकते। कॉन्ट्रेक्टर्स को किसानों की जमीन पर उनके किसी भी अस्थायी निर्माण के लिए लोन नहीं दिया जा सकता। स्थिति चाहे कुछ भी हो, लेकिन कानून किसानों की जमीन को जब्त करने की किसी प्रक्रिया की अनुमति नहीं देता है।
झगरार से बरामई तक
निकली संदेश यात्रा
संसू, सादाबाद : कांग्रेस किसान संदेश पदयात्रा तीसरे दिन गांव झगरार से प्रारंभ होकर पांच किमी बरामई तक निकाली गई। संदेश यात्रा का शुभारंभ जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने किया। कांग्रेसियों ने बुजुर्गों को माला पहनाकर सम्मानित किया।
विक्रमादित्य ने कहा कि यह बिल किसानों के खिलाफ है। किसान दिल्ली को चारों तरफ से घेर कर पड़े हुए हैं। सड़कों पर सोने को मजबूर हैं लेकिन यह सरकार किसानों की नहीं सुन रही। नगर अध्यक्ष अनुज शर्मा ने कहा कि इस सरकार को गद्दी से उतारने का सही वक्त है, क्योंकि सरकार गरीब व किसान हितैषी नहीं है। किसान यात्रा में प्रदेश सचिव जितेंद्र गौतम एडवोकेट, जिलाध्यक्ष सेना प्रकोष्ठ हरिओम चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश चौधरी, महीपाल ठाकुर, हेमंत चौहान, प्रदेश सचिव आईटी सेल जगत रावत, जिला अध्यक्ष आईटी सेल शैलेंद्र उपाध्याय, जिला सचिव हरेंद्र गुप्ता मौजूद रहे।