भाजपा सरकार ने 126 के दाम में खरीदे 36 राफेल
कांग्रेस के पश्चिमी यूपी प्रभारी ने केंद्र सरकार पर बोला हमला मीडिया से वार्ता में कहा अब होगा दूध का दूध और पानी का पानी
संवाद सहयोगी, हाथरस : कांग्रेस प्रत्याशी त्रिलोकीराम दिवाकर के समर्थन में रोड शो करने के बाद पश्चिमी यूपी प्रभारी ज्योतिरादित्य सिधिया ने राफेल को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा सरकार ने जितने दाम में 36 राफेल फाइटर प्लेन खरीदे हैं, उतने ही दाम में कांग्रेस 126 राफेल खरीद रही थी।
सादाबाद के कोठीगंज इलाके में पूर्व मंत्री कुंवर जावेद अली के आवास पर सिधिया मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने राफेल मामले में सुप्रीम कोर्ट में दोबारा सुनवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अब दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। आरोप लगाया कि भाजपा ने राफेल सौदे में एक उद्योगपति को 30 हजार करोड़ का फायदा पहुंचाया है। पीएम मोदी और सीएम योगी पर भी हमला बोला। कहा कि यूपी में किसान त्रस्त हैं और प्रशासन मस्त है। भारत की नींव मजबूत बनाए रखने के लिए सांप्रदायिक सद्भाव का संरक्षण जरूरी है। अनदेखी से पिछड़ गई रंग की राजधानी
मीडिया से बातचीत में ज्योतिरादित्य सिधिया स्थानीय मुद्दों को छूना नहीं भूले। उन्होंने कहा कि हाथरस रंग और इत्र की राजधानी है। कालीन निर्माण और शिल्प में यहां के लोगों को महारत हासिल है। कई दशक से चली आ रही अनदेखी के कारण यहां का नौजवान, किसान पिछड़ गया है। 35 साल से यहां कांग्रेस जीत नहीं सकी है। सिधिया का इशारा उन भाजपा सांसदों पर था जिन्होंने लोकसभा क्षेत्र के लिए कुछ खास नहीं किया।