पालिका में शामिल गांवों से 18 सफाईकर्मी हटाए
30 गांव किए गए हैं देहात से नगर पालिका क्षेत्र में शामिल हटाए गए सफाई कर्मचारियों को दूसरी जगह किया जाएगा शिफ्ट।
जागरण संवाददाता, हाथरस : हाथरस नगर पालिका की सीमा विस्तार के बाद शामिल 18 राजस्व गांवों से सफाई कर्मचारी वापस बुला लिए गए हैं। इन सफाई कर्मचारियों को उन दूसरे गांवों में शिफ्ट किया जाएगा, जहां सफाई कर्मचारियों की जरूरत है।
बता दें कि नगर पालिका क्षेत्र में 30 गांव शामिल हुए हैं। इनमें 18 राजस्व गांव ऐसे हैं जहां सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। बाकी गांव में सफाई कर्मचारियों का कोई इंतजाम नहीं था। 18 सफाई कर्मचारियों को पंचायत राज विभाग ने गांव की ड्यूटी से हटा लिया है। इन सभी सफाई कर्मचारियों को दूसरे गांवों में ड्यूटी के लिए भेजा जाएगा। नगर पालिका में शामिल गांवों में कई महीने से विकास कार्य बंद थे। ग्रामीणों की मानें तो पहले भी सफाई कर्मचारी कागजों पर ड्यूटी करते थे। गांव में कभी झाडू लगाने नहीं आते थे। अब जब नगर पालिका में ये गांव शामिल हो गए हैं, तब बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
पालिका में शामिल गांव : जिन ग्राम सभाओं को पूरी तरह अथवा आंशिक रूप से शामिल किया गया है उसमें वाद नगला अठवरिया, परताप, जोगिया, रमनपुर, गढ़ी खंदारी, गढ़ी तमना, लहरा, दयानतपुर, नगला उम्मेद, चितापुर, सोखना, दादनपुर-ढकपुरा, हाथरस देहात, तरफरा, अहियापुर, कलवारी, मीतई, कुंवरपुर, गिजरौली, नहरोई, खोंडा हजारी, बालापट्टी शेख जाफर, गढ़ी मधु, भगवंतपुर, नगला नंदू, नगला गजुआ, गोपालपुर, दर्शना, दयालपुर, ककरावली शामिल हैं।
वर्जन--
नगर पालिका सीमा विस्तार के तहत मुरसान और हाथरस ब्लाक के 30 गांव नगर पालिका में शामिल हुए हैं। इन गांवों में से 18 राजस्व ग्राम से 18 सफाई कर्मचारियों को हटा दिया गया है। अब उनको उन गांवों में भेजा जाएगा जहां सफाई कर्मचारियों की डिमांड है।
-बनवारी सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी, हाथरस।