घने कोहरे से सौ मीटर की दूरी पर देखना मुश्किल
तापमान अब तक के सबसे न्यूनतम स्तर पहुंचा।
जागण संवाददाता, हरदोई : मंगलवार को पूरे दिन आसमान पर बादल छाए रहे। वहीं कोहरे के कारण दृश्यता सौ मीटर रह गई। जिले का तापमान इस मौसम में अब तक न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया। लोग पूरे दिन सर्दी व गलन से बेहाल रहे।
जिले में शीत लहर जारी है। मंगलवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण दृश्यता सौ से दो सौ मीटर तक रह गई। जिससे वाहनों के आवागमन में परेशानी हुई। तापमान इस सीजन में सबसे न्यूनतम 5.5 सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जिससे लोग सर्दी व गलन से पूरे दिन परेशान रहे। सर्दी से बचने के लिए लोगों ने अलावा व गर्म कपड़ों का सहारा लिया। शीत लहर के कारण बाजार में भी लोगों की आवाजाही कम रही। वेधशाला प्रभारी आरसी वर्मा के अनुसार मंगलवार का अधिकतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो सोमवार से एक डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 5.5 मिमी रिकार्ड किया गया। जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है, साथ ही छह किमी की रफ्तार से सर्द हवाएं चलती रहीं। बताया कि अगले दो दिन मौसम इसी प्रकार रहने की संभावना है। बारिश के भी आसार हैं।
कोहरे ने धीमी की ट्रेनों की रफ्तार
जागरण संवाददाता, हरदोई : कोहरे का असर ट्रेनों की गति पर पड़ रहा है। कोहरे के कारण स्थानीय स्टेशन से गुजरने वाली कई ट्रेन घंटों विलंब से चल रही है। जिससे यात्रियों को समस्या हो रही है।
रेल प्रशासन के अनुसार कोहरे ने रेल यातायात पर खासा असर डाला है। अप व डाउन दिशा की ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों की देरी से चल रही हैं। स्थानीय स्टेशन से गुजरने वाली 15075 अप त्रिवेणी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से दो घंटा 40 मिनट, 12203 अप गरीबरथ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से पांच घंटा 12 मिनट, 12232 डाउन चंडीगढ़ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से एक घंटा 48 मिनट, 14512 डाउन नौचंदी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से एक घंटा 56 मिनट, 13010 डाउन दून एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से एक घंटा चार मिनट, 15910 डाउन अवध आसाम एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 45 मिनट की देरी से हरदोई रेलवे स्टेशन पर पहुंची। कोलकाता से चलकर जम्मू जाने वाली 13151 सियालदह एक्सप्रेस दो घंटा 30 मिनट की देरी से चल रही है। ट्रेनों के घंटों विलंब के चलने से यात्रियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।