संडीला की फैक्ट्री में तैयार हुई .22 राइफल, कीमत करीब पौने दो लाख रुपये, शूटिंग खिलाड़ियों के लिए परफेक्ट गन
वेब्ले स्कॉट ने संडीला स्थित अपनी फैक्ट्री से शूटिंग खिलाड़ियों के लिए .22 एलआर कैलिबर की राइफल लॉन्च की है।

संडीला में वेब्ले स्काइट द्वारा तैयार की गई .22 राइफल। फोटो कंपनी की तरफ से
HighLights
वेब्ले स्कॉट ने संडीला फैक्ट्री में .22 राइफल का निर्माण किया।
शूटिंग खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए यह राइफल बेहद उपयोगी है।
कम रिकाइल, संतुलित डिजाइन इसकी मुख्य विशेषताएं हैं।
पंकज मिश्र, हरदोई। शस्त्र निर्माण के क्षेत्र में पहचान बना चुकी विश्व प्रसिद्ध वेब्ले स्कॉट ने संडीला स्थित अपनी फैक्ट्री से एक और कदम आगे बढ़ाया है। रिवाल्वर और पिस्टल के कई माडल तैयार करने के बाद कंपनी ने अब शूटिंग खिलाड़ियों के लिए .22 राइफल तैयार की है।
स्माल-बोर श्रेणी की यह राइफल खासतौर पर निशानेबाजी के अभ्यास के लिए उपयोगी मानी जा रही है। .22 एलआर कैलिबर, पीछे की ओर कम झटका (रिकाइल) और संतुलित डिजाइन इसकी प्रमुख विशेषताएं हैं। करीब पौने दो लाख रुपये कीमत वाली इस राइफल के संडीला में निर्माण से कंपनी ने शस्त्र निर्माण के साथ शूटिंग खेल से जुड़े उपकरणों के क्षेत्र में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।
खिलाड़ियों के अभ्यास में महत्वपूर्ण
कंपनी के निदेशक सुरेंद्र पाल सिंह स्याल ने बताया कि वेब्ले स्कॉट की ओर से तैयार वेबली एपेक्स .22 एलआर कैलिबर की राइफल है। तकनीकी विवरण के अनुसार इसकी कुल लंबाई 1093 मिलीमीटर और बैरल की लंबाई 630 मिलीमीटर है। वजन करीब 2.7 किलोग्राम बताया गया है। पांच अथवा 10 कारतूस की क्षमता वाली मैगजीन का प्रविधान है।
संतुलित डिजाइन के साथ इसमें टैंजेंट रियर साइट दी गई है और स्कोप लगाने की सुविधा भी है। ट्रिगर पुल की समायोजन सीमा 14 से 18 न्यूटन बताई गई है। .22 कैलिबर की राइफल निशानेबाजी के खेल में लंबे समय से इस्तेमाल होती रही है। इसकी कम रिकाइल विशेषता खिलाड़ियों के अभ्यास में महत्वपूर्ण मानी जाती है।
खिलाड़ियों को स्थिरता बनाए रखने में मदद
निशाना लगाते समय झटका अपेक्षाकृत कम होने से खिलाड़ी अपनी मुद्रा, सांस पर नियंत्रण और एकाग्रता पर ध्यान केंद्रित कर सकते हैं। 50 मीटर निशानेबाजी में भी इस कैलिबर का व्यापक इस्तेमाल होता है। लंबे अभ्यास सत्र में कम झटका खिलाड़ियों को स्थिरता बनाए रखने में मदद करता है।
तकनीकी विवरण में वेबली एपेक्स को संतुलित डिजाइन, उच्च सटीकता और लंबी सेवा अवधि वाली राइफल बताया गया है। इसमें काकिंग इंडिकेटर (रायफल से गोली चलने के तैयार है का निशान) भी दिया गया है, जो स्ट्राइकिंग मैकेनिज्म की स्थिति का संकेत देता है। राइफल का निर्माण होने से शूटिंग खिलाड़ियों के लिए देश में निर्मित विकल्प उपलब्ध हुआ है।
शूटिंग अकादमियों और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण में .22 राइफल का इस्तेमाल पहले से होता रहा है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर इसका निर्माण संडीला के शस्त्र उद्योग को खेल उपकरणों के क्षेत्र से जोड़ने वाला नया कदम माना जा सकता है।
