जिला अस्पताल के वार्ड ब्वाय समेत दो निकले कोरोना पॉजिटिव
-वार्ड बॉय ने 15 दिनों तक आइसोलेशन वार्ड में की थी ड्यूटी।
हरदोई : जिले में कोरोना की रफ्तार थम नहीं रही है। शनिवार शाम को आई रिपोर्ट में जिला अस्पताल के वार्ड ब्वाय और उन्नाव की महिला कोरोना पॉजिटिव निकली है। वार्ड बॉय ने 15 दिनों तक आइसोलेशन में ड्यूटी की थी और इस समय होम क्वारंटाइन थे। वहीं उन्नाव की महिला निजी वाहन से परिवार के साथ दिल्ली से संडीला पहुंची थी। जहां उसकी जांच की गई थी। जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 213 पहुंच गई है।
जिला अस्पताल में वार्ड ब्वाय के पद पर कार्य कर रहे व्यक्ति शहर के वैटगंज के रहने वाले हैं। वह एक जून से 15 जून तक अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में ड्यूटी कर रहे थे। 16 जून से उन्हें होम क्वारंटाइन कर दिया गया था। गुरुवार को उनका सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। शनिवार शाम को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिसके बाद अस्पताल कर्मियों में खलबली मच गई। आनन-फानन में एंबुलेंस से उन्हें कोविड अस्पताल भिजवाया गया। वहीं उन्नाव के कलीफ सराय के रहने वाले एक व्यक्ति दिल्ली में मजदूरी करते थे। उन्होंने बताया कि दिल्ली में पत्नी व दो बच्चे साथ में रहते थे। गुरुवार को वह निजी वाहन से परिवार के साथ उन्नाव के लिए निकले थे। वाहन का चालक उन लोगों को संडीला लेकर पहुंचा, जहां सीएचसी में सभी लोगों के सैंपल लिए गए। उनकी पत्नी कोरोना पॉजिटिव आई और तीन लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। सीएमओ डॉ. एसके रावत ने बताया कि अस्पताल के कर्मी को कोविड अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं उन्नाव की महिला पॉजिटिव निकली है इसकी जानकारी वहां के सीएमओ को दे दी गई है। अस्पताल प्रशासन की लापरवाही आई सामने: जिला अस्पताल में कार्य करने वाले चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को एन 95 मास्क नहीं दिए गए। वहीं सैनिटाइजर भी कई बार कहने के बाद उपलब्ध होता था। आइसोलेशन में ड्यूटी करने वाले कर्मचारी साधारण मास्क लगाकर ड्यूटी कर रहे हैं। जबकि अस्पताल के पीकू, वार्ड तीन और चार व आइसोलेशन वार्ड में आधा दर्जन से अधिक मरीज कोरोना पॉजिटिव निकल चुके हैं। इसके बाद भी अस्पताल प्रशासन ने किसी को एन 95 मास्क नहीं दिए।