विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरदोई में दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में दो युवकों की मौत, दोनों ने नहीं पहना था हेलमेट

Published: Mon, 24 Aug 2026 07:18 PM (IST)

Hardoi News: इस हादसे ने एक बार फिर दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट की अनिवार्यता और यातायात नियमों के पालन की जरूरत को सामने ला दिया है।

अनुराग की फाइल फोटो              क्षतिग्रस्त बाइक

अनुराग की फाइल फोटो क्षतिग्रस्त बाइक

HighLights

  1. हेलमेट न लगाने पर एक की मौके पर मौत और दूसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम

  2. मझिला-टोडरपुर मार्ग पर आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें

संवाद सूत्र, हरदोई। बेहटागोकुल क्षेत्र के टोडरपुर में मझिला मार्ग पर सोमवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में दोनों बाइक सवारों की मौत हो गई। दोनों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था और सड़क पर गिरने से उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।

तेज रफ्तार बाइकों के इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने मेडिकल कालेज अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे ने एक बार फिर दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट की अनिवार्यता और यातायात नियमों के पालन की जरूरत को सामने ला दिया है।

बेहटागोकुल के ग्राम उमरौली निवासी अनुराग सावन के अंतिम सोमवार को सकाहा मंदिर में जल चढ़ाने गए थे। देर शाम वह बाइक से घर लौट रहे थे। टोडरपुर-मझिला मार्ग पर सामने से तेज रफ्तार में आ रहे मझिला क्षेत्र के ग्राम ढवहा निवासी संदीप की बाइक से उनकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। सड़क पर गिरने से दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे में अनुराग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों ने गंभीर रूप से घायल संदीप को तत्काल टोडरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान संदीप की भी मौत हो गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही दोनों के स्वजन मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दोनों बाइक सवारों के हेलमेट न लगाने और बाइकों की गति तेज होने की बात सामने आई है। थाना प्रभारी मार्कंडेय सिंह ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि दोनों बाइक सवार यदि हेलमेट पहने होते तो सिर की गंभीर चोट से बचाव संभव था और शायद उनकी जान भी बच सकती थी।

तीन माह में सूनी हो गई अनीता की मांग

अनुराग खेती करते थे। जून में ही अनुराग की शादी अनीता के साथ हुई थी। स्वजन का कहना है कि पहला सावन होने पर अनीता अपने मायके गई थी। सावन बाद उसकी विदाई थी। इससे पहले पति ने अलविदा कह दिया। हादसे के कारण तीन माह में ही अनीता की मांग सूनी हो गई। दो घरों में कोहराम मचा है।

नई बनी थी सड़क,रफ्तार पर काबू न कर सके बाइक

ग्रामीणों का कहना है कि हाल में टोडरपुर मझिला मार्ग बन कर तैयार हुआ था। सड़क अच्छी बनी थी। जिसके चलते दोनों बाइक चालक तेज गति से जा रहे थे,और हादसे का शिकार हो गए। पुलिस भी बाइकों की तेज गति के कारण हादसा होना मान रही है।