झिझकें नहीं, बेखौफ होकर शिकायत करें महिलाएं
-महिला पुलिस कर्मी कर रहीं जागरूक
हरदोई: महिलाएं या युवतियां झिझकें नहीं, बेखौफ होकर पुलिस से अपनी शिकायत करें। महिला पुलिस कर्मी ही उनकी परेशानी सुनेंगी और जो उन्हें परेशान कर रहा होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। शिकायत न करने से दोषी का हौसला बढ़ता है और वह फिर वही काम करता है। महिलाओं को कुछ इसी तरह से संदेश देने के लिए पुलिस अभियान चला रही है। जिसमें सुबह से लेकर देर रात तक महिला पुलिस कर्मी उनके बीच जाकर उन्हें जागरूक करती हैं।
महिलाओं को उनकी शक्ति का अहसास दिलाने के लिए मिशन शक्ति चल रहा है। एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि पूरे जिले में टीम बनाई गई हैं। शक्ति मोबाइल का गठन किया गया है। जिसमें महिला पुलिस कर्मी शामिल हैं और उनके मोबाइल नंबर पर्चे पर लिखे हैं। महिलाओं की टीम गांवों और मुहल्लों में जाकर उन्हें जागरूक कर रही है। एसपी ने बताया कि महिलाएं शिकायत नहीं करना चाहती हैं। कभी कभी ऐसा होता कि उनके मन में यह विचार आते कि थाने पर जाएंगे तो उनसे पता नहीं क्या क्या पूछा जाएगा। ऐसा कुछ नहीं है। हर थाने पर महिला हेल्प डेस्क बनाई गई है। जहां पर वह जाएं और महिला पुलिस कर्मियों को अपनी परेशानी बताएं। अगर नहीं जाना चाहती हैं तो मोबाइल से शिकायत करें।