हरदोई के होटल में चल रहा था अनैतिक काम, पुलिस ने पकड़े चार जोड़े; मालिक-मैनेजर समेत चार के खिलाफ केस
Sex Racket in Hardoi: पुलिस टीम ने छापेमारी कर रजिस्टर की जांच की तो 30 जनवरी से 17 अक्टूबर तक ...और पढ़ें

संडीला तहसील के पीछे राज होटल में नाबालिग को दूसरे के आधार कार्ड के सहारे कमरा उपलब्ध कराने में मुकदमा
HighLights
पुलिस ने होटल में नाबालिग को ठहराने पर मैनेजर को माना दोषी
संडीला के राज होटल में पुलिस ने की छापेमारी
दूसरे के आधार कार्ड से कमरा बुक कराने का आरोप
संवाद सूत्र, हरदोई : संडीला तहसील के पीछे राज होटल में नाबालिग को दूसरे के आधार कार्ड के सहारे कमरा उपलब्ध कराने और अनैतिक गतिविधियों के आरोप में पुलिस ने होटल मैनेजर समेत चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। इस होटल में सेक्स रैकेट चलने से जिले में खलबली मची है।
पुलिस ने शनिवार रात को छापेमारी कर होटल के चार कमरों में मौजूद चार युवकों और चार युवतियों को पकड़ा। जांच में एक युवती के नाबालिग होने और उसकी पहचान छिपाकर दूसरे के आधार कार्ड से कमरा बुक कराने की बात सामने आई। पुलिस ने होटल का रजिस्टर और सीसीटीवी की डीवीआर कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह को मुखबिर से होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने छापेमारी कर रजिस्टर की जांच की तो 30 जनवरी से 17 अक्टूबर तक 417 बुकिंग दर्ज मिलीं। कई प्रविष्टियों में ठहरने का कारण और अवधि अंकित नहीं थी।
एक कमरे में ठहरे लोगों का विवरण भी रजिस्टर में दर्ज नहीं मिला। पूछताछ और पहचान पत्रों की जांच में एक युवती नाबालिग मिली। आरोप है कि उसकी उम्र छिपाने के लिए दूसरी युवती का आधार कार्ड इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने कमरों से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की।
मामले में होटल मैनेजर प्रियांशु उर्फ अभय, सुनील कुमार, सत्यम सिंह और शिवानी के विरुद्ध अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर साक्ष्य जुटाए हैं। अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
