धू-धू कर जला रावण का पुतला, आतिशबाजी के आसमान में बिखरे नजारे
नुमाइश मैदान में चल रही रामलीला में मंगलवार को रावण वध की लीला का मंचन किया गया। जिसमें आतिशबाजी के साथ रावण के पुतले का दहन किया गया। दर्शकों ने पुतला दहन और आतिशबाजी का आनंद उठाया।
हरदोई : नुमाइश मैदान में चल रही रामलीला में मंगलवार को रावण वध की लीला का मंचन किया गया। जिसमें आतिशबाजी के साथ रावण के पुतले का दहन किया गया। दर्शकों ने पुतला दहन और आतिशबाजी का आनंद उठाया।
नुमाइश मैदान में रामलीला का मंचन किया जा रहा है। मंगलवार को राम- रावण युद्ध की लीला का मंचन किया गया। युद्ध में जब रावण का कोई सेना नायक नहीं बचता है तो रावण स्वयं रथ पर सवार होकर सेना का नेतृत्व करते हुए युद्ध के लिए रणभूमि में पहुंचता है। वहां पर राम और रावण के बीच भंयकर युद्ध होता है। युद्ध के दौरान राम के बाण से रावण के सिर और भुजाएं कट जाती है। मगर वह फिर जीवित हो जाता है। इस पर राम परेशान होते है। तब विभीषण राम को रावण के नाभि में अमृत कुंड होने की बात बताते है। जिस पर राम अग्निबाण से रावण के नाभि का अमृत कुंड सुखा देते है और रावण का वध कर देते है। रावण वध के नुमाइश में आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया। जिसमें जिले के साथ कई अन्य जनपदों के आतिशबाजों ने अपनी आतिशबाजी का प्रदर्शन किया। नुमाइश मैदान में आतिशबाजी का प्रदर्शन देख दर्शक ने जमकर तालियां बटोरी। अंत में रावण के पुतले का दहन किया गया। रावण पुतले के दहन के उपरांत रात्रि में राम के राज तिलक की लीला का मंचन किया गया। जिसका दर्शकों ने लुफ्त उठाया। नुमाइश में भारी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।