अवैध शराब पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, दारोगा घायल
संवादसूत्रपालीकए दोनो आरोपियों की तलाश की मगर कुछ न पता लग सका।
पाली (हरदोई): घर में बन रही कच्ची शराब पर छापा मारने गई पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। शराब बना रहे परिवार ने दरोगा के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। सिपाहियों पर भी फावड़ा चलाए और फिर शातिर तमंचा से फायर करते हुए फरार हो गया। पुलिस फोर्स पहुंचा, घर की तलाशी कराई गई तो शराब की भट्ठी और अवैध तमंचा मिला। मुख्य आरोपी के पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घायल दरोगा का उपचार कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पाली थाना क्षेत्र के मुड़रामऊ में रविवार की सुबह अवैध शराब बनाने की सूचना मिली। उपनिरीक्षक अशोक कुमार सिंह, सिपाही दिनेश कुमार व संदीप कुमार के साथ कार से गांव पहुंचे। उपनिरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि जैसे ही वह रामतीर्थ के घर पहुंचे। वह शराब बना रहा था, अचानक पुलिस को देखकर रामतीर्थ ने लोहे की राड से उसके सिर पर हमला कर दिया। उसके पिता राजकुमार और पत्नी गुड्डी भी पुलिस पर हमलावर हो गए। जिसमें दोनों सिपाहियों के भी हल्की चोट आईं। वह लोग भी कुछ करते उससे पहले वह तमंचा से फायर करते हुए पत्नी के साथ छत कूदकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर ही उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर पहुंचे और चारों तरफ तलाशी कराई लेकिन वह लोग नहीं मिले। उसके घर से शराब की भट्ठी, दो तमंचा और कारतूस मिले। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश की जा रही है।