वाहन चालकों की मनमानी पर 23 लाख वसूला गया जुर्माना
लॉकडाउन के दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन चालकों से वसूला गया 23 लाख का जुर्माना।
हरदोई: लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों ने लाखों रुपये जुर्माना अदा किया, लेकिन अपनी आदतों को नहीं बदला। 24 मार्च को घोषित लॉकडाउन के बाद से ही पुलिस ने सख्ती की, हजारों वाहनों की जांच कर सैकड़ों का चालान कर लाखों रुपये जुर्माना किया, पर अभी भी लोग नहीं मान रहे हैं। नियमों का उल्लंघन तो करते ही हैं। बाइक पर तीन तीन लोग और चौपहिया वाहनों पर भी निर्धारित से अधिक संख्या में लोग चल रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई का अभियान जारी है।
लॉकडाउन के शुरुआती दिन से ही पुलिस ने वाहनों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया था। बिना किसी कारण के घूमने वालों के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस की कार्रवाई के बारे में बताया गया कि 31 मई तक जिले में कुल 65 हजार 638 वाहनों की जांच हुई। जिसमें से 9775 वाहनों का चालान किया गया। जबकि 1179 वाहनों को सीज कर दिया गया, वाहनों के खिलाफ अभियान में कुल 23 लाख 48 हजार 700 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। इतनी बड़ी कार्रवाई के बाद भी लोग नहीं चेत रहे हैं। शहर से लेकर कस्बों में न केवल लोग बिना किसी काम के सड़कों पर घूम रहे हैं। बल्कि बाइकों पर तीन तीन और कार में आधा दर्जन तक लोग चल रहे हैं। ऐसा नहीं कि किसी को पता नहीं है, लेकिन उसके बाद भी मनमानी करने वाले नहीं मान रहे हैं। एसपी अमित कुमार ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। -