देवी मां से सर्वकल्याण की कामना की
- घर और मंदिरों में हुई मां की आराधना - मंदिरों में कोविड-19 की सुरक्षा गाइड लाइन का पालन के साथ
हरदोई : नवरात्र शुरू होते ही पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। घरों से लेकर मंदिरों तक देवी पूजन हो रहा है। रविवार को दूसरे दिन मां ब्रम्हाचारिणी की पूजा अर्चना की गई। भक्तों ने देवी मां को सिर झुकाकर सर्वकल्याण की कामना की।
इस बार मंदिरों में केवल पांच पांच भक्तों को ही प्रवेश मिल रहा है। देवी भक्त भी दूर से ही पूजन कर रहे हैं, उन्हें पता है आस्था से पूजन मां स्वीकार करेंगी। रविवार को मंदिरों में बिना भीड़ के लोग पूजन करने पहुंचे। आचार्य राजकिशोर शर्मा ने बताया कि नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा की जाती है। शास्त्रों के अनुसार ब्रह्मचारिणी का अर्थ तप की चारिणी यानि तप का आचरण करने वाली बताया गया है। रविवार को शहर के श्रवण देवी मंदिर, दुर्गा देवी मंदिर, फूलमति देवी मंदिर, काली देवी मंदिर में भक्तों ने पहुंच कर आराधना की। घर पर भी पूरे दिन मां के भजन- कीर्तन होते रहे।