हरदोई में आकार ले रहा किसानों का बड़ा आंदोलन, अर्धनग्न होकर प्रदर्शन
हरदोई के किसान आंदोलित है। जब तक मांगें नहीं मानी जाएंगी प्रदर्शन जारी रहेगा। अब सख्त आंदोलन की तैयारी है। आंदोलन में आज किसान अर्धनग्न होकर धरने पर बैठे।
हरदोई, जेएनएन। हरदोई के किसान आंदोलित है। उनकी समस्याएं कोई नहीं सुन रहा है। इसके चलते पच्चीस दिनों से धरना जारी है। वह आंदोलन को और अधिक व्यापक बनाने की तैयारी कर रहे हैं। किसानों ने कहा कि जब तक मांगें नहीं मानी जाएंगी उनका प्रदर्शन अनवरत जारी रहेगा। अब सख्त आंदोलन का कदम उठाना उनकी मजबूरी है। आंदोलन में आज किसान अर्धनग्न होकर धरने पर बैठे। आंदोलन का अगला चरण दुधारू पशुओं को सरकारी परिसर में बंधना हो सकता है।
10 जनवरी से चल रहा प्रदर्शन
अहिरोरी विकास खंड पर मुख्यालय पर भारतीय किसान यूनियन लोकतांत्रिक के बैनर तले किसानों ने अर्धनग्न होकर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने बताया कि उनका विकास खंड मुख्यालय पर 10 जनवरी से प्रदर्शन चल रहा है। किसानों के धरने में आए राहुल मिश्रा ने कहा कि अगर ब्लॉक अधिकारी हमारी जायज मांगों को समय रहते नहीं मानते हैं मजूबरन हमें अपने दुधारू पशुओं को भी ब्लाक परिसर में लाकर बंधना पड़ेगा।
गांव-गांव गंदगी कहीं सफाई नहीं
जिला सचिव रामगुलाम गौतम ने कहा कि कई गांवों में स्वच्छ भारत के तहत गरीबों को मिलने वाले शौचालय में अनियमितताएं की गई है। गांव-गांव गंदगी फैली हुई है कहीं पर भी सफाई व्यवस्था नहीं हो रही है। नाली खड़ंजा टूटे पड़े हैं, कहीं पर भी ब्लॉक के अधिकारियों द्वारा किसी प्रकार का भी कार्य नहीं कराया जा रहा है। किसानों का शोषण चरम पर है। ब्लाक के जिम्मेदार अधिकारी किसानों से बात नहीं कर रहे हैं, इसलिए आज यहां एक सैकड़ा किसान एकत्र होकर धरना कर रहे हैं।