आमजन के मन की बात भाजपा के संकल्प पत्र में होगी शामिल
भाजपा के घोषणा पत्र में स्थानीय मुद्दों को जगह मिलेगी। आम आदमी से सुझाव मांगे जा रहे हैं, इसके लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में अलग-अलग सुझावा पेटिका रखी जाएगी। आम लोग स्थानीय मुद्दों के साथ अपनी मन की बात लिखकर सुझाव पेटिका में डाले। यह बात बुधवार को सांसद अंशुल वर्मा ने कहीं।
हरदोई : भाजपा के घोषणा पत्र में स्थानीय मुद्दों को जगह मिलेगी। आम आदमी से सुझाव मांगे जा रहे हैं, इसके लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में अलग-अलग सुझाव पेटिका रखी जाएगी। आम लोग स्थानीय मुद्दों के साथ अपनी मन की बात लिखकर सुझाव पेटिका में डालें। यह बात बुधवार को सांसद अंशुल वर्मा ने कही।
भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद ने कहा कि लोगों के मन की बात भाजपा के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाने को लेकर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में भारत के मन की बात मोदी के साथ पेटिका रखी जाएंगी। स्थानीय लोग समस्याओं को लेकर अपनी बात मोदी तक पहुंचा सकेंगे। यह अभियान देश के विकास का एजेंडा तय करने में मील का पत्थर साबित होगा। भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा ने कहा कि इस अभियान से विकास का एजेंडा तय करने के लिए आम लोगों के विकास की भागीदारी भी तय करेगा। सुझाव पेटिका आठों विधानसभा क्षेत्रों के अलावा नगरपालिका व नगर पंचायतें, सार्वजनिक स्थानों पर रखी जाएगी। पेटिका में जनता अपने सुझाव लिखकर डालेगी, जिसे दिल्ली स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय भेजा जाएगा, जो आगामी लोकसभा चुनावों में पार्टी के संकल्प पत्र का आधार होगा। उन्होंने बताया कि मन की बात साझा करने के लिए 73740070+ (प्लस के स्थान पर लोकसभा क्षेत्र का क्रमांक) पर मिस्ड काल कर अपनी बात रिकार्ड करा सकते है। इसके अलावा पार्टी की वेबसाइट पर जाकर भी सुझाव दे सकते हैं। वार्ता के दौरान विधायक प्रभाष कुमार, रामपाल वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री, राजीव रंजन मिश्र, रामकिशोर गुप्ता, पालिकाध्यक्ष सुखसागर मिश्र मधुर आदि मौजूद रहे। यहां रखी जाएगी सुझाव पेटिका : भाजपा की ओर से हरपालपुर व सवायजपुर, रोडवेज बस स्टैंड शाहाबाद, बड़ा चौराहा, पिहानी चौराहा, सुरसा, सांडी, बिलग्राम चौराहा, बिलग्राम, बालामऊ चौराहा व संडीला चौराहा पर भारत के मन की बात मोदी के साथ सुझाव पेटिका रखवाई जाएंगी।