धान खरीद की धीमी गति पर अपर मुख्य सचिव ने जताई नाराजगी
-एसीएस ने संडीला माधौगंज गौसगंज एवं नवीन मंडी में क्रय केंद्रों का लिया जायजा -केंद्रों पर अव्यवस्था अराजकता फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए
हरदोई : एसीएस (अपर मुख्य सचिव) डॉ. देवेश चतुर्वेदी ने सरकारी क्रय केंद्रों पर धान खरीद की धीमी गति पर नाराजगी जाहिर की। एजेंसियों के अधिकारियों से कहा कि खरीद में तेजी लाई जाए और किसानों को केंद्र पर परेशानी न होने दी जाए।
एसीएस ने बुधवार को जिले के भ्रमण के दौरान पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में जिलाधिकारी अविनाश कुमार से धान खरीद की एजेंसीवार जानकारी ली। उन्होंने मंडी समिति संडीला, माधौगंज, गौसगंज एवं हरदोई नवीन मंडी में क्रय केंद्रों का जायजा लिया। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी अनुराग पांडेय को निर्देश दिए कि गल्ला मंडी व अन्य क्रय केंद्रों पर सरकारी धान की खरीद में तेजी लाएं। केंद्र पर अव्यवस्था एवं अराजकता फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करें। संडीला में उन्होंने किसानों से जानकारी ली। माधौगंज में एसीएस ने आढ़तों पर एक हजार रुपये क्विंटल की दर से धान खरीद पर नाराजगी जाहिर की। किसानों द्वारा की गई शिकायतों पर मंडी सचिव को फटकार लगाई। किसानों ने बताया कि सेंटर पर धान गंदा होने की बात कहकर टाल दिया जाता है, मजबूरी में व्यापारियों के यहां औने-पौने दामों पर बेचना पड़ रहा है। आढ़त पर प्रति क्विंटल दो किलो अतिरिक्त धान लिया जा रहा है। मंडी सचिव अशोक कुमार सक्सेना को चेतावनी दी। किसानों से कहा कि वह धान सेंटर पर जरूर लाएं वहां पर जरूर तौल कराई जाएगी।