मेहनत से किए गए कार्य के परिणाम सुखद
-स्वत रोजगार उपायुक्त ने सर्रा में समूह की आटोमैटिक चप्पल बनाने की मशीन का किया शुभारंभ -खेतों में मजदूरी करने वाली महिलाओं ने गांव में लगाया गृह उद्योग
हरदोई : स्वत: रोजगार उपायुक्त विपिन कुमार चौधरी ने कहा कि मेहनत से किए गए कार्य का परिणाम सुखद होता है। महिलाओं ने मेहनत और लगन से घरेलू उत्पाद के साथ चप्पल बनाने की आटोमैटिक मशीन लगाकर यह साबित कर दिया है। समूह की महिलाएं खुद के साथ गांव की महिलाओं के लिए रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में अच्छा काम करेंगी और गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार कर बाजार में अलग पहचान बनाएंगी।
उपायुक्त ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा संचालित सुरसा के सर्रा में बालाजी स्वयं सहायता समूह द्वारा लगाई गई आटोमैटिक चप्पल बनाने की मशीन का शुभारंभ किया। कहा कि महिलाएं अब सभी क्षेत्र में तरक्की कर रही हैं। समूह द्वारा बनाई जानी वाली चप्पल स्थानीय बाजारों में उपलब्ध होगी और लोगों को कम कीमत पर अच्छा उत्पाद मिल सकेगा। समूह सदस्य सखी रीता ने बताया कि समूह का गठन किया। खेतों पर मजदूरी कर बचत की और स्वरोजगार लगाने की ठानी।
समूह अध्यक्ष रितु गुप्ता, सचिव रूपा, कोषाध्यक्ष सरिता वर्मा कहती हैं कि अप्रैल 2018 में समूह बनाया गया। उनके साथ रीता ने आटोमैटिक चप्पल बनाने की मशीन लगाने का निर्णय और समूह से एक लाख लेकर मशीन लगाई गई है। अब उन्हें खेतों में काम करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ब्लॉक मिशन प्रबंधक मोहम्मद इमरान सहित समूह की सदस्य मौजूद रहीं।