अपने वजूद को बचाने में लगे सरकारी व एडेड विद्यालय
हरदोई माध्यमिक शिक्षा परिषद से संबद्ध जिले के विद्यालयों में कभी विद्यार्थियों की संख्या हजारों में कम।
हरदोई : माध्यमिक शिक्षा परिषद से संबद्ध जिले के विद्यालयों में कभी विद्यार्थियों की संख्या हजारों में रहती थी। जिले में गैर जनपद के अलावा गैर प्रांत के भी विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त करने आते थे। बोर्ड परीक्षा विद्यालयों के लिए महापर्व था। मगर ऑनलाइन व्यवस्था शुरू होते ही इन विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या कम होती जा रही है। संचालित 627 विद्यालयों में से कई विद्यालयों के अस्तित्व तक खतरे में नजर आ रहे हैं। इस बार बोर्ड परीक्षा के लिए कई विद्यालयों में विद्यार्थी ही नहीं है, तो कई में दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं हुआ है।
जिले में हाई स्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षा के लिए इस बार 95 हजार 767 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें हाईस्कूल के 54660 और इंटर में 41 हजार 107 विद्यार्थी शामिल है। जबकि विगत वर्ष इनकी संख्या एक लाख 14 हजार 624 थी। इनमें हाईस्कूल के 58196 और इंटर के 46 428 विद्यार्थी शामिल थे। वर्ष 2018 में इनकी संख्या एक लाख 41 हजार 966 थी। जिले में प्रति वर्ष विद्यालयों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन विद्यार्थियों की संख्या घटती जा रही है। बोर्ड परीक्षा के लिए सात विद्यालय ऐसे हैं, जिनमें एक भी पंजीकरण नहीं हुआ है। जबकि 27 विद्यालय ऐसे हैं, जहां विद्यार्थियों की संख्या दस से कम है। वहीं 31 विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या पचास से भी कम है। इनमें एडेड व राजकीय विद्यालयों में सबसे अधिक छात्र संख्या कम हुई है।
डीआइओएस वीके दुबे ने बताया कि कम विद्यार्थियों के पंजीकरण वाले विद्यालयों की समीक्षा की जा रही है। अभी विलंब शुल्क के साथ आवेदन जमा करने की तिथि शेष है। विद्यार्थियों की संख्या बढ़ सकती है। इस प्रकार कम हुए जिले में बोर्ड के विद्यार्थी
वर्ष - हाईस्कूल - इंटर - योग
2020-21 -54660 -41107 -95767
2019-20 -56428 -46428 -114624
2018-19 -76498 -64468 -141966