शहर में बंद रहे बाजार
कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रदेश सरकार की ओर से घोषित दो दिनों के लॉकडाउन का दिखा असर।
हरदोई : कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रदेश सरकार की ओर से घोषित दो दिनों के लॉकडाउन का असर शहर में दिखाई दिया। शहर के प्रमुख मार्गों व बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। शहर में अनावश्यक निकलने वालों को सुरक्षा कर्मियों ने हिदायत देकर घर भेजा। वहीं पालिका प्रशासन की ओर से शहर में सैनिटाइजेशन का कार्य किया गया। टीमों ने शहर के विभिन्न मार्गों पर दुकानों व घरों को सैनिटाइज किया।
प्रदेश में संक्रमण बढ़ने के कारण सरकार ने दो दिन के संपूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की है। लॉकडाउन में मेडिकल स्टोर और रोडवेज बस सेवाओं को छूट है। लॉकडाउन के प्रथम दिन शनिवार को शहर में इसका असर दिखाई दिया। शहर के मुख्य बाजार सिनेमा रोड, सदर बाजार, बड़ा चौराहा, महात्मा गांधी मार्ग, नुमाइश चौराहा, रेलवे गंज पूर्ण रूप से बंद रहे। बाजार बंद होने के साथ ही निजी वाहनों का संचालन भी कम रहा। बाजारों और मुख्य मार्गों पर सन्नाटा पसरा रहा। शहर में कुछ लोग बाजार में अनावश्यक घूमते नजर आए। चौराहों पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उनसे जानकारी कर वापस घर भेज दिया। लॉकडाउन के दौरान नगर पालिका परिषद की ओर से सैनिटाइजेशन का कार्य कराया गया। शहर के सांडी रोड, अस्पताल रोड, सिनेमा रोड, सदर बाजार सहित प्रमुख बाजारों में पालिका कर्मियों द्वारा सैनिटाइज का काम किया गया। इसके लिए पालिका की ओर से कई टीमें लगाई गई थीं। सैनिटाइजेशन का कार्य देर शाम तक जारी रहा। आम लोग भी जिले में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के कारण बाहर निकलने से बचते रहे।
पतंग कहीं काट न दे जीवन की डोर : शनिवार को नागपंचमी का त्योहार होने के कारण जिले में पंतगबाजी अधिक होती है। शनिवार को पतंगबाजों की दुकान पर भारी भीड़ रही। वहां कोरोना संक्रमण के बचाव के लिए जारी सुरक्षा गाइडलाइन का कोई पालन नहीं कर रहा था। पंतग और माझा खरीदने के लिए लोग शारीरिक दूरी का पालन भी नहीं कर रहे थे। पतंगबाजी के शौक के कारण वह अपने जीवन को भी संकट में डाल रहे थे। इससे वह और उनका परिवार संक्रमण की चपेट में आ सकता है।