विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरदोई के स्कूल में पिटाई के बाद छात्रा की मौत, गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज, प्रधानाध्यापक और शिक्षक निलंबित

Published: Tue, 01 Sep 2026 12:06 AM (GMT+05:30)

हरदोई के साहुआपुर में कक्षा आठ की छात्रा क्षमा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उपचार के दौरान सामने ...और पढ़ें

स्कूल में पिटाई के बाद छात्रा की मौत।

स्कूल में पिटाई के बाद छात्रा की मौत।

HighLights

  1. हरदोई में छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत।

  2. शिक्षक और सहपाठी पर मारपीट का आरोप, वीडियो सामने आया।

  3. गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज, शिक्षक व प्रधानाध्यापक निलंबित।

जागरण संवाददाता, हरदोई। भरखनी विकासखंड के संविलियन विद्यालय साहुआपुर में कक्षा आठ की छात्रा क्षमा की उपचार के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत से पहले सामने आए वीडियो में छात्रा ने सहपाठी छात्रा से विवाद और शिकायत करने पर शिक्षक द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप लगाया था।

छात्रा की मौत के बाद स्वजन की शिकायत पर पुलिस ने शिक्षक राजेंद्र गंगवार और मृतका की सहपाठी नाबालिग छात्रा के विरुद्ध गैरइरादतन हत्या की एफआइआर दर्ज की है। वहीं बेसिक शिक्षा विभाग ने प्रभारी प्रधानाध्यापक अक्षय और कक्षाध्यापक राजेंद्र गंगवार को निलंबित कर दिया है। फर्रुखाबाद में छात्रा का पोस्टमार्टम कराया गया।

पचदेवरा क्षेत्र के साहुआपुर निवासी उमेश दीक्षित की पुत्री क्षमा विद्यालय में कक्षा आठ की छात्रा थी। स्वजन के अनुसार कुछ दिन पहले उसका सहपाठी छात्रा से विवाद हुआ था। क्षमा ने इसकी शिकायत शिक्षक राजेंद्र गंगवार से की थी। आरोप है कि शिकायत के बाद शिक्षक ने भी छात्रा के साथ मारपीट की। इसमें उसे गंभीर चोटें आईं और एक हाथ में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई।

स्वजन के अनुसार घटना की जानकारी होने पर पिता विद्यालय पहुंचे थे। हालत गंभीर होने पर स्वजन उसे फर्रुखाबाद ले गए, जहां 26 अगस्त को नन्ही मुस्कान हास्पिटल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान 30 अगस्त को उसकी मौत हो गई। छात्रा का उपचार चलने के दौरान एक वीडियो सामने आया, जिसमें उसने सहपाठी और शिक्षक पर मारपीट का आरोप लगाया था।

बीएसए प्रभात मिश्र ने वीडियो के आधार पर ही प्रधानाध्यापक और कक्षाध्यापक दोनों को निलंबित कर दिया। वहीं देर शाम मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने शिक्षक राजेंद्र गंगवार और मृतका की सहपाठी छात्रा पर एफआइआर दर्ज की है। एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

यह भी पढ़ें- हरदोई में बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में मामा भांजे समेत तीन की मौत, रफ्तार में थीं बाइक